
भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
New Zealand A vs India A 1st Unofficial Test: न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इंडिया ए के बीच पहला चार दिवसीय अनऑफिशियल टेस्ट लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में ना तो ओपनिंग चली और ना ही मिडिल ऑर्डर चला। यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल समेत सभी खिलाड़ी पूरी तरह फेल हो गए और इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम महज 113 रन पर ढेर हो गई। वहीं, चाय काल तक न्यूजीलैंड की टीम ने बगैर कोई विकेट गंवाए 32 रन बनाए। राइस मारियू 16 और कर्टिस हीफी 8 रन पर नाबाद हैं।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने महज 5 रन के स्कोर पर केएल राहुल का विकेट गंवा दिया। केएल बगैर खाता खोले पवेलियन लौटे इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरे और पूरी टीम महज 113 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। केएल के अलावा साई सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर, आकाशदीप और मुकेश चौधरी भी शून्य पर आउट हुए।
वहीं, यशस्वी जायसवाल ने 17, देवदत्त पडिक्कल ने 32 रन और यश राठौर ने नाबाद 44 रन बनाए। एक समय भारत ए महज 81 रन पर सिमटता नजर आ रहा था, लेकिन यश ने मुकेश चौधरी के साथ आखिरी विकेट के लिए 23 गेंदों पर 32 रन की साझेदारी कर स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से साइमन कीन ने सबसे ज्यादा पांच विकेट चटकाए, तो वहीं जैक गिब्सन तीन विकेट अपने नाम किए।
खबर लिखे जाने तक न्यूजीलैंड की टीम ने 19 ओवर में बगैर कोई विकेट गंवाए 57 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए थे। राइस मारियू 29 और कर्टिस हीफी 17 रन बना कर खेल रहे थे। अब यहां से मेजबान कीवी टीम सिर्फ 56 रन पीछे है। इस तरह चार दिन के अनाधिकारिक टेस्ट के पहले दिन ही न्यूजीलैंड की टीम बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। अब उसकी नजर अपनी पहली पारी में बड़ी बढ़त बनाने पर टिकी होगी।
Updated on:
24 Oct 2026, 9:16 AM IST
Published on:
24 Oct 2026, 8:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.