
SA vs AUS Durban Test Update: साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद निराशा जाहिर की है। उन्होंने इस मैदान के रिकॉर्ड की बात करते हुए अपनी टीम से हुई खामियों के बारे में भी बताया। बावुमा का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मैच में ज्यादातर समय दबदबा बनाए रखा और मुश्किल परिस्थिति में भी अपने अनुभव और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले की पहली पारी में 390 और दूसरी पारी में 6 विकेट पर 314 रन बनाए। साउथ अफ्रीका की पहली पारी 284 रन पर ढेर हुई और दूसरी पारी में 206 रन ही बना सकी।
मैच के बाद बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया की तारीफ करते हुए कहा कि जिस तरह से उसने 120 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद वापसी की, वह उसके अनुभव और क्षमता को दिखाता है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मुश्किल स्थिति में भी हार नहीं मानी और खुद को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम को मैच में हावी होने का मौका देना भारी पड़ सकता है। उनके खिलाफ खेल चुके खिलाड़ी जानते हैं कि एक बार ऑस्ट्रेलिया को मुकाबले पर पकड़ बनाने का अवसर मिल जाए, तो उसे रोकना कितना मुश्किल होता है।
उन्होंने ये भी कहा कि इस प्रदर्शन के बाद टीम के भीतर कई सवालों पर चर्चा करनी होगी। टीम को यह समझना होगा कि कैसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया ने किस तरह अपनी योजनाओं को अंजाम दिया। बावुमा ने बताया कि हार की वजहों में बल्लेबाजी में सबसे बड़ी कमी खिलाड़ियों का शुरुआत मिलने के बाद बड़ी पारी नहीं खेल पाना भी रहा। उन्होंने कहा कि कई बल्लेबाजों ने क्रीज पर समय बिताया और अच्छी शुरुआत भी की, लेकिन कोई भी बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा।
बावुमा ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की रणनीति की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि विपक्षी टीम ने अलग-अलग योजनाओं और फील्डिंग में बदलाव के साथ गेंदबाजी की। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज अपनी रणनीति को लेकर सक्रिय रहे और लगातार दबाव बनाए रखा। साउथ अफ्रीका को भी अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए इन पहलुओं पर ध्यान देना होगा। इस दौरान उन्होंने डरबन के किंग्समीड मैदान के रिकॉर्ड की भी बात की और कहा, "इस मैदान पर टीम ज्यादा क्रिकेट नहीं खेलती है। इससे पहले के नतीजे बहुत अच्छे नहीं रहे हैं।"