क्रिकेट

SL A vs AFG A: वैभव सूर्यवंशी का श्रीलंका A से सामना होगा या नहीं, आज के मैच से सबकुछ हो जाएगा साफ

Tri Nation Series 2026: ट्राई-नेशन सीरीज 2026 में फैंस की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर भी टिकी हैं, जिनकी पिछली बार श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प हुई थी। श्रीलंका ए बनाम अफगानिस्तान ए के बीच मुकाबले से तय होगा कि कौन सी टीम भारत के खिलाफ फाइनल खेलेगी।

2 min read
Jun 19, 2026
Vishen Halambage fined
वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प (फोटो- Sony Sports Networks)

Tri Nation A Series 2026: ट्राई-नेशन सीरीज 2026 में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का सामना श्रीलंका ए से होगा या नहीं, इस पर सभी फैंस की नजरें टिकी हैं। पिछली बार जब श्रीलंका ए और इंडिया ए के बीच टक्कर हुई थी तो वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प हो गई थी। बाद में श्रीलंकाई खिलाड़ी को सजा भी मिली थी। ऐसे में एक बार फिर सभी फैंस की नजरें अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए के मुकाबले पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसी से तय होगा कि इंडिया ए के खिलाफ खिताबी मुकाबले में कौन-सी टीम उतरेगी।

भारत A का फाइनल खेलना तय

ट्राई नेशन ए सीरीज के अंक तालिका में इंडिया ए चार में से दो मैच जीतकर पहले स्थान पर है, तो वहीं श्रीलंका ए ने तीन में से दो मुकाबले जीते हैं और वह दूसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान ए ने तीन में से सिर्फ एक मुकाबला जीता है और वह आखिरी स्थान पर है। उसका नेट रन रेट भी -1.98 है। श्रीलंका ए के खिलाफ जीत हासिल करके भी अफगानिस्तान ए की टीम फाइनल से बाहर हो सकती है। अगर उसे फाइनल में पहुंचना है तो श्रीलंका ए को बड़े अंतर से हराना होगा। ऐसे में इस मैच के दौरान ही यह पता चल जाएगा कि श्रीलंका ए की टीम भारत ए के खिलाफ फाइनल में पहुंचेगी या नहीं।

आपको बता दें कि खिताबी मुकाबला दांबुला के रनगीरी इंटरनेशनल स्टेडियम में 21 जून को होगा। भारतीय टीम का फाइनल खेलना लगभग तय हो गया है। भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में भले ही दो मुकाबले हार गई हो, लेकिन उसका नेट रन रेट इतना बेहतर है कि वह फाइनल में पहुंच चुकी है। ऐसे में दूसरे स्थान के लिए श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच आज मुकाबला होना है।

गायकवाड़ ने नाम सीरीज में सबसे ज्यादा रन

सूर्यवंशी ने चार मैचों में सिर्फ 117 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 के बाद उम्मीद थी कि सूर्यवंशी का बल्ला यहां भी गरजेगा, लेकिन वह एक अर्धशतक तक नहीं जड़ पाए हैं। वहीं दूसरी ओर जिस खिलाड़ी को इंडिया ए के स्क्वाड में भी नहीं चुना गया था और बाद में रिप्लेसमेंट के तौर पर जोड़ा गया, वह ऋतुराज गायकवाड़ इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 58 की औसत से एक शतक की बदौलत 234 रन बनाए हैं।

वहीं कप्तान तिलक वर्मा 208 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। सूर्यांश शेडगे ने निचले क्रम पर आकर कई शानदार पारियां खेली हैं। वह इस सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 48 की औसत से 145 रन बनाए हैं। वहीं प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह तीन-तीन मुकाबले खेलने के बाद भी 100 रन के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं।

Also Read
View All