क्रिकेट

अडंर 19 एशिया कप 2026 के दूसरे दिन भारत-पाकिस्तान की शानदार जीत, देखें अंक तालिका में कौन कहां

Under 19 Asia Cup 2026: अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत और पाकिस्तान ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। भारत ने नेपाल को 10 विकेट से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि पाकिस्तान ने यूएई को 9 विकेट से शिकस्त दी।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 10:35 PM IST
U19 Asia Cup 2026
भारत-पाकिस्तान की अंडर 19 टीम (फोटो- ACC X)

U19 Asia Cup 2026 Points Table Update: अंडर-19 एशिया कप 2026 में शुक्रवार को दो मुकाबले खेले गए, जहां भारत और पाकिस्तान की टीमों ने अपने-अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया। दिन के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएई को 9 विकेट से हराया, तो वहीं टीम इंडिया ने नेपाल को 10 विकेट से रौंद डाला। इस टूर्नामेंट के तीसरे मैच में यूएई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 224 रन बनाए और अपने सभी विकेट गंवा दिए। 225 रन के लक्ष्य को पाकिस्तान की अंडर-19 टीम ने 37.3 ओवर में ही सिर्फ एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। पाकिस्तान के लिए उस्मान खान ने 120 गेंदों में नाबाद 139 रन की पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टीम इंडिया ने नेपाल को रौंदा

दिन के दूसरे मुकाबले में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 128 रन बनाए और पूरी टीम 42.3 ओवर में ढेर हो गई। 129 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने बिना विकेट गंवाए 19.5 ओवर में हासिल कर लिया। टीम इंडिया के लिए आर्यवीर सहवाग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 70 रनों की पारी खेली। किशन सूद ने 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के बाद भारतीय टीम का नेट रन रेट +4.170 हो गया है, जिसकी वजह से वह ग्रुप ए में सबसे ऊपर है। वहीं, पाकिस्तान की टीम दूसरे स्थान पर है, जिसने अपने पहले मैच में यूएई को हराया था। पाकिस्तान का नेट रन रेट +1.520 है। यूएई तीसरे स्थान पर है, जिसे पाकिस्तान से हार मिली थी, जबकि नेपाल की टीम चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम ने नेपाल को एकतरफा मुकाबले में रौंद दिया था और उसका नेट रन रेट -4.170 है।

ग्रुप B में टॉप पर श्रीलंका

इससे पहले टूर्नामेंट के पहले दिन श्रीलंका और अफगानिस्तान ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। श्रीलंका ने मलेशिया को 9 विकेट से हराकर +4.818 नेट रन रेट हासिल किया, तो वहीं अफगानिस्तान ने बांग्लादेश को 113 रन से हराकर +2.260 नेट रन रेट हासिल किया। ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर बांग्लादेश की टीम है, तो चौथे स्थान पर मलेशिया की टीम है।

हर ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि ग्रुप की आखिरी दो टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगी। इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम भारतीय टीम है, जिसने आठ बार यह खिताब जीता है। वहीं, पाकिस्तान और बांग्लादेश दो-दो बार ट्रॉफी उठा चुके हैं। अफगानिस्तान भी एक बार चैंपियन रहा है, लेकिन श्रीलंका कभी भी इस खिताब को नहीं जीत पाया है।

Updated on:
6 Nov 2026, 10:35 PM IST
Published on: