क्रिकेट

U19 WC: भारत ने आस्ट्रेलिया पर दर्ज की लगातार 7वीं जीत, मैच में बने कई खास रिकॉर्ड

अंडर 19 विश्व कप में भारतीय ने आस्ट्रेलिया को हराते हुए अपने सफर की शानदार शुरुआत की। यह भारत की कंगारू टीम पर लगातार 7वीं जीत थी।
3 min read
• •
Updated: 14 Jan 2018, 3:15 PM IST
ind vs aus

नई दिल्ली। अंडर 19 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में भारतीय युवाओं अपना दमखम दिखा दिया। राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में खेल रही भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने रविवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के साथ आईसीसी अंडर-19 विश्व कप में अपने अभियान की सधी शुरुआत की है। बे ओवल मैदान पर रविवार को खेले गए मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को 100 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम के खाते में दो अंक आ गए हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने सात विकेट के नुकसान पर आस्ट्रेलिया को 329 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य को आस्ट्रेलिया हासिल नहीं कर पाई और 228 रनों पर ही ढेर हो गई।

शतक से चूके पृथ्वी

कप्तान पृथ्वी शॉ (94) और मनोज कालरा (86) ने 180 रनों की शानदार शतकीय साझेदारी कर भारत को मजबूत शुरुआत दी। इसी स्कोर पर पृथ्वी विल सदरलैंड की गेंद पर विकेट के पीछे खड़े बेक्सटर जे होल्ट के हाथों लपके गए। पृथ्वी अपना शतक पूरा करने से केवल छह रन दूर रह गए। उन्होंने 100 गेंदों पर आठ चौके और दो छक्के लगाए। उनके आउट होने के बाद कालरा भी मैदान पर ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए। उन्हें परम उप्पल ने कप्तान जेसन सांघा के हाथों कैच आउट कर भारत का दूसरा विकेट गिराया।

शिवम ने भी लगाया अर्धशतक

इसके बाद टीम की पारी संभालने आए शुभम गिल (63) और हिमांशु राणा (14) ने 49 अंक ही जोड़े थे कि जैक एडवर्ड्स ने ऑस्टीन वॉ के हाथों राणा को कैच आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। एडवर्ड्स ने इसके बाद गिल को भी मैदान पर टिकने नहीं दिया और 272 के स्कोर पर कैच आउट कर भारत का चौथा विकेट भी गिरा दिया।

गिल के बाद बिखड़ी भारतीय पारी

गिल के आउट होने के बाद भारतीय टीम के बाकी बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और टीम के विकेट लगातार गिरते रहे। अभिषेक शर्मा ने 23 रनों की पारी खेली और इसके बाद कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाया। इस प्रकार भारतीय टीम की पारी 328 रनों पर समाप्त हो गई। आस्ट्रेलिया के लिए एडवर्ड्स ने सबसे अधिक चार विकेट लिए। इसके अलावा, सदरलैंड, उप्पल और वॉ को एक-एक सफलता हासिल हुई।

कमलेश और शिवम की अच्छी गेंदबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आस्ट्रेलिया टीम के लिए कमलेश नागरकोटी और शिवम मावी परेशानी का सबब बने रहे। आस्ट्रेलिया के लिए चार विकेट लेने वाले एडवर्ड्स ने ही अच्छी बल्लेबाजी भी की। उन्होंने सबसे अधिक 73 रन बनाए, लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने में असफल रहे। नागरकोटी और शिवम ने तीन-तीन विकेट लिए, वहीं अभिषेक शर्मा और अनुकूल रॉय को एक-एक सफलता मिली। आस्ट्रेलिया के दो बल्लेबाज उप्पल और राल्स्टन रन आउट हुए। इस मैच में कप्तान पृथ्वी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।


ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड तोड़ा
कप्तान पृथ्वी और दूसरे सलामी बल्लेबाज मंजोत की सलामी जोड़ी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारतीय बल्लेबाजों के सर्वाधिक रन जोड़ने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। बता दें कि दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 180 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी हुई। इससे पहले सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रॉबिन उथप्पा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी के पास था। उथप्पा और धवन ने पहले विकेट के लिए 175 रनों की साझेदारी निभाई थी।

कोहली संग इस क्लब में शामिल हुए पृथ्वी
मैच में पृथ्वी बेशक शतक बनाने से चूक गए हो, लेकिन वे सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की खास क्लब में शामिल हो गए। पृथ्वी इस क्लब में चौथे नंबर पर हैं। इस लिस्ट में उनमुक्त चंद पहले नंबर पर हैं। यह पृथ्वी का पहला मैच था। आगे के मैचों में वे इस क्लब में अपनी रैंकिंग सुधार सकते हैं।


U19 WC में सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तान:
-साल 2012, उनमुक्त चंद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 111 रन
-साल 2008, विराट कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ 100 रन
-साल 1998, अमित पगनिस इंग्लैंड के खिलाफ 99 रन

-साल 2017, पृथ्वी शॉ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 94 रन

Published on: