
United Arab Emirates vs Canada: आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफायर राउंड में मंगलवार को स्कॉटलैंड के डुंडी स्थित फोर्थिल क्रिकेट ग्राउंड पर यूएई और कनाडा के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की टीम ने छह विकेट के नुकसान पर 282 रन बनाए हैं। इस मैच में भारतीय मूल के बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला है। कप्तान हरप्रीत सिंह भाटिया ने जहां 79 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली है, तो राहुल चोपड़ा ने 118 गेंदों पर नाबाद 127 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूएई की शुरुआत बेहद ही खराब रही। उसने महज 6.1 ओवर में ही 21 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों आर्यंश शर्मा (2) और अदीब उस्मानी (12) इसके बाद कप्तान हरप्रीत सिंह भाटिया क्रीज मोहम्मद शहदाद का साथ देने आए। तीसरे विकेट के लिए इन दोनों के बीच 62 गेंदों पर 51 रन की साझेदारी हुई। शहदाद 20 रन बनाकर अंश पटेल का शिकार बने।
तीन विकेट गिरने के बाद यूएई की टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। फिर भारतीय मूल के ही राहुल चोपड़ा कप्तान का साथ देने क्रीज पर उतरे। इन दोनों समझबूझ के साथ पारी को संभाला और दोनों ने अपने अर्धशतक भी पूरे किए। यूएई का स्कोर 181 पर पहुंचा था कि कप्तान भाटिया 81 रन बनाकर कलीम सना का शिकार बने। इसके बाद राहुल ने एक छोर संभाले रखा और दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और निर्धारित 50 ओवर में यूएई की टीम छह विकेट के नुकसान पर 282 रन स्कोर बोर्ड पर टांगने में सफल रही।
राहुल चोपड़ा ने 118 गेंदों पर 15 चौके और एक छक्के के साथ नाबाद 127 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, कनाडा के लिए कलीम सना ने तीन विकेट, जाहिद शिरजाद ने दो विकेट और अंश पटेल ने एक विकेट लिया। बता दें कि ये मुकाबला आईसीसी वर्ल्ड कप लीग 2 2023-27 के तहत खेला जा रहा है।