
मैच के दौरान विकेट लेने की खुशी मनाती भारतीय टीम। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Farveez Maharoof on SL vs IND Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज को अब सिर्फ चार दिन ही बचे हैं। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 (WTC) के फाइनल के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए ये सीरीज बेहद अहम मानी जा रही है। इसे देखते हुए श्रीलंकाई पूर्व पेसर फरवीज महरूफ का मानना है कि स्पिनरों का सामना करने में भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरियों के बावजूद शुभमन गिल एंड कंपनी मेजबान टीम से कहीं बेहतर है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों के साथ भारत का बॉलिंग पैक काफी मजबूत नजर आ रहा है।
फरवीज महरूफ ने कहा कि साउथ अफ्रीका से घर में हार के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम की कमजोरी साफ नजर आई। लेकिन, हम अगर वार्म अप मैच में अच्छा खेलते, तो सच में यह वही जगह है, जहां श्रीलंका सच में वापसी कर सकता था। उन्होंने कहा कि मेरी चिंता यह है कि कुछ खिलाड़ी वेस्टइंडीज सीरीज के बाद इस सीरीज की वजह से लंका प्रीमियर लीग नहीं खेले।
उन्होंने कहा कि शायद कुछ गेंदबाज वर्कलोड के मामले में थोड़े कमजोर होंगे। मेरा मतलब है कि उनके पास अपना वर्कलोड बढ़ाने और कुछ समय ट्रेनिंग करने के लिए कम से कम कुछ हफ्ते थे। जहां तक मुझे पता है कि श्रीलंका ने समय की कमी की वजह से प्रैक्टिस मैच नहीं खेले है, जबकि इंडिया ने सिर्फ तीन दिन का मैच खेला है।
महरूफ ने वार्म-अप मैच का समय चार से तीन दिन करने के लिए भारतीय टीम मैनेजमेंट की दूर की सोच की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि वे चार दिन का वार्म-अप मैच नहीं खेलना चाहते थे, यह उनका स्मार्ट फैसला था। वे तीन दिन का मैच खेलना चाहते थे और चौथे दिन उसी पिच पर जाकर ट्रेनिंग करने लगे, क्योंकि वे चाहते थे कि उनके बल्लेबाज रफ में बॉलिंग कर रहे स्पिनर्स के खिलाफ खेलें, जो तीसरे या चौथे दिन आने वाली चुनौती होगी।
उन्होंने आगे कहा कि अगर गॉल में टेस्ट मैच पांचवें दिन तक जाता है और साथ ही एसएससी में, तो मुझे लगता है कि तैयारी के हिसाब से, अगर आप मुझसे पूछें तो भारतीय टीम श्रीलंकाई टीम से कहीं ज्यादा तैयार हैं। यहीं पर बढ़त हासिल की जा सकती है। साथ ही कागज पर नंबर खुद बोलते हैं। मुझे लगता है कि कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के साथ ही मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों का बॉलिंग पैक काफी मजबूत है।
Updated on:
11 Aug 2026 05:48 pm
Published on:
11 Aug 2026 05:28 pm
