
USA vs UAE Highlights: अमेरिका के अनुभवी बल्लेबाज मिलिंद कुमार ने तूफानी शतक जड़ टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। UAE के खिलाफ USA ने 331 रन के लक्ष्य को 48.5 ओवर में ही 4 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में मिलिंद ने 116 रन की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के शामिल थे। वह वनडे क्रिकेट में यूएसए के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। सोमवार को डलास में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप लीग-2 के मुकाबले में मिलिंद कुमार ने यूएई के खिलाफ शानदार पारी खेली और टीम को रिकॉर्ड रनचेज में जीत दिलाई। मिलिंद ने सिर्फ 84 गेंदों में नाबाद 116 रन की पारी खेली। यह उनका पांचवां वनडे शतक है। अपनी इस शतकीय पारी में उन्होंने पांच छक्के लगाए, जिससे वह मोनांक पटेल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए यूएसए के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।
| खिलाड़ी | छक्के |
|---|---|
| मिलिंद कुमार | 38 |
| मोनांक पटेल | 34 |
| आरोन जोन्स | 32 |
| साईतेजा मुक्कामल्ला | 28 |
| स्टीवन टेलर | 27 |
यह यूएसए के वनडे इतिहास का सबसे बड़ा रनचेज है। इससे पहले 2024 में नेपाल के खिलाफ डलास में ही यूएसए ने 294 रन का लक्ष्य हासिल किया था। लीग-2 प्रतियोगिता में यह दूसरा सबसे बड़ा रनचेज भी है। मिलिंद कुमार और शुभम रंजने ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 160 रन की साझेदारी की, जो इस विकेट के लिए यूएसए की सबसे बड़ी साझेदारी है।
इस जीत के साथ यूएसए लीग-2 की पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गया है। टीम अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश में जुटी है। इस त्रिकोणीय सीरीज के बाकी मुकाबलों में एक और जीत हासिल करते ही यूएसए लीग-2 में पहला स्थान पक्का कर सकता है।
अब यूएसए बुधवार को डलास में ही नामीबिया से भिड़ेगा। वहीं यूएई को शुक्रवार तक इंतजार करना होगा, जब वह भी नामीबिया के खिलाफ मैदान में उतरेगा। USA ने पहली बार 2024 वर्ल्डकप में सनसनी मचाई थी, जब उसने 2009 की टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन पाकिस्तान को हराकर पहले ही दौर से बाहर कर दिया था। उस टूर्नामेंट में अमेरिका की टीम ने भारतीय टीम को भी टक्कर दी थी।