क्रिकेट

IND vs ENG: क्या मैनचेस्टर में होने वाला है वैभव सूर्यवंशी का इंडिया डेब्यू? दिग्गजों का दबाव और संजू सैमसन के फ्लॉप शो से बने समीकरण

Vaibhav Sooryavanshi India debut: आयरलैंड के बाद भारतीय टीम इंग्‍लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। इन दोनों दौरे पर टीम इंडिया में शामिल वैभव सूर्यवंशी को अभी तक इंडिया के लिए डेब्‍यू का मौका नहीं मिल सका है। माना जा रहा है कि मैनचेस्‍टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 में उनका डेब्‍यू हो सकता है, क्‍योंकि इसके पीछे कुछ अहम कारण भी हैं।
2 min read
Jul 02, 2026
Vaibhav Sooryavanshi, India vs Zimbabwe 2nd T20I
वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/Vaibhavsooryava)

Vaibhav Sooryavanshi can India debut in Manchester: वैभव सूर्यवंशी के भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्‍यू को लेकर इंतजार लंबा होता जा रहा है। 15 साल के इस करिश्‍माई बल्‍लेबाज को मौका नहीं मिलने की वजह से अब भारतीय दिग्‍गज सुनील गावस्‍कर और रवि शास्‍त्री के सब्र का बांध भी अब टूटने लगा है। वहीं, भारतीय टीम मैनेजमेंट पर भी दबाव बढ़ता जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वैभव मैनचेस्‍टर में खेले जाने वाले भारत बनाम इंग्‍लैंड दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में टीम इंडिया के लिए डेब्‍यू कर सकते हैं। उन्‍हें संजू सैमसन की जगह मौका मिल सकता है, जो पिछले तीन मैचों फ्लॉप रहे हैं।

दिग्‍गज बना रहे टीम मैनेजमेंट पर दबाव

पूर्व भारतीय दिग्‍गज सुनील गावस्‍कर ने कहा कि जब भी उसे मौका मिलेगा। उस पर ज्‍यादा प्रेशर आएगा, लेकिन 15 साल की उम्र में आप ज्‍यादा प्रेशर के बारे में नहीं सोचते हैं। वह जानता है कि उसे दूसरे या तीसरे मैच में मौका मिलता है, तो उसे तुरंत अच्‍छा करना होगा। हालांकि, वह यहां रहकर खुश है। टीम प्‍यारे और जबरदस्‍त प्‍लेयर्स से भरी हुई है। उनसे सीखना उसके लिए बहुत अच्‍छा है।

वहीं, भारतीय टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्‍त्री ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड में खिलाना चाहिए था। वहां के विकेट स्‍लो और स्‍पंजी थे। वह वहां खेलता तो लंबे-लंबे छक्‍के मारता। उसने आईपीएल में सबकी पिटाई की है। उसने कौन से पेसर को छोड़ा है और आप यहां उसे बेंच पर बिठा रहे हो। जबकि माइकल वॉन ने कहा कि हमें बीसीसीआई और सेलेक्‍टर्स से पूछना चाहिए कि भला उस बच्‍चे को आयरलैंड के खिलाफ क्‍यों नहीं खिलाया?

संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं वैभव सूर्यवंशी

संजू सैमसन ने इंग्‍लैंड के खिलाफ पहले टी20 में सात गेंदों का सामना करते सिर्फ एक रन बनाया। इससे पहले आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में वह चार गेंदों पर वह महज पांच रन बना पाए, तो दूसरे मैच में वह पहली ही गेंद पर गोल्‍डन डक बनाकर आउट हो गए। अपने पिछले तीन आउट होने में से दो में सैमसन ऑफ-साइड में गेंद को डैश करने की कोशिश में आउट हुए हैं।

वहीं, डरहम में वह पहले ही अपनी बाईं ओर खिसक चुके थे। इसलिए, उनके पास ज्‍यादा जगह नहीं थी और गेंद बैकवर्ड पॉइंट पर टॉम बैंटन के हाथों में चली गई। संजू की लगातार असफलता वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खोल सकती है। क्‍योंकि इससे पहले भी टीम मैनेजमेंट कई बार उन्‍हें बाहर का रास्‍ता दिखा चुका है।

मैनचेस्टर के ऐतिहासिक मैदान पर ये प्रमुख खिलाड़ी कर चुके हैं डेब्‍यू

बता दें कि मैनचेस्‍टर के ऐतिहासिक मैदान पर यूं तो कई भारतीय खिलाड़ी ने अपना अंतरराष्‍ट्रीय डेब्‍यू किया है, लेकिन इनमें अनिल कुंबले, अंशुल कंबोज और अब्‍बास अली बेग प्रमुख हैं। अंशुल कंबोज ने जुलाई 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में अपना अंतरराष्‍ट्रीय डेब्यू किया था।

इससे पहले महान स्पिनर अनिल कुंबले ने अगस्त 1990 में ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर में अपना पहला टेस्‍ट खेला था। जबकि अब्बास अली बेग ने जुलाई 1959 में मैनचेस्टर में ही अंतरराष्ट्रीय टेस्ट डेब्यू किया था। उम्‍मीद है कि अब वैभव सूर्यवंशी का नाम भी इस लिस्‍ट में आ जाए।

Updated on:
02 Jul 2026 05:21 pm
Published on:
02 Jul 2026 05:21 pm