
Vaibhav Suryavanshi Sachin Tendulkar Record: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से तहलका मचा दिया है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए तीसरे टी20 मैच में उन्होंने 81 रनों की तूफानी पारी खेली। इस शानदार खेल के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया और इसी के साथ उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में एक नया इतिहास रच दिया है।
महज 15 साल 121 दिन की उम्र में 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड जीतकर वैभव सिर्फ भारत के ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में सबसे कम उम्र में यह अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैचों की इस सीरीज में उन्होंने सबसे ज्यादा 151 रन बनाए, जिसमें 2 शानदार फिफ्टी शामिल थीं। इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने और 15 साल की उम्र में दो अर्धशतक जड़ने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। हालांकि, वह पहली सीरीज उनके लिए कुछ खास नहीं रही। 3 मैचों में सिर्फ 42 रन बनाने के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया था। लेकिन वैभव ने अपनी वो सारी कसर जिम्बाब्वे दौरे पर निकाल दी। इस शानदार वापसी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
टी20 में अपना जलवा दिखाने के बाद, अब वैभव की नजरें वनडे और टेस्ट क्रिकेट पर टिक गई हैं। अगर टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर इस युवा टैलेंट को टेस्ट और वनडे में मौका देते हैं, तो वह सचिन तेंदुलकर का एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं।
दरअसल, टेस्ट और वनडे क्रिकेट में भारत के लिए सबसे कम उम्र में 'प्लेयर ऑफ द मैच' जीतने का रिकॉर्ड आज भी सचिन तेंदुलकर के नाम ही दर्ज है। सचिन ने यह कमाल 17 साल की उम्र में किया था। वैभव के पास अभी पूरे 2 साल का समय है, और वह जल्द ही सचिन के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं।