क्रिकेट

Vaibhav Sooryavanshi को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में टीम इंडिया के 2 गेंदबाजों से रहना होगा सावधान!

Vaibhav Sooryavanshi कल 30 अगस्‍त से डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन के खिलाफ बेंगलुरू में दलीप ट्रॉफी का सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरेंगे। पिछले मैच में वैभव का बल्‍ला नहीं चल सका था। इस बार उनसे बड़ी पारी की उम्‍मीद होगी, लेकिन सेंट्रल जोन की मजबूत गेंदबाजी को देखते हुए ये आसान नहीं होगा।
2 min read
Aug 29, 2026
Vaibhav Sooryavanshi
भारतीय युवा बल्‍लेबाज वैभव सूर्यवंशी। (फोटो सोर्स: एक्‍स@/CricInformer)

Vaibhav Sooryavanshi in Duleep Trophy Semi final: दलीप ट्रॉफी 2026 अब अपने अंतिम और रोमांचक चरण में पहुंच गई है। रविवार 30 अगस्‍त से दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले बेंगलुरु में खेले जाएंगे। जहां सबकी नजर एक बार फिर 15 वर्षीय टीनेजर वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। जब वह डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन के खिलाफ ईस्‍ट जोन के लिए खेलने उतरेंगे, तो फैंस को उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्‍मीद होगी। क्‍वार्टर फाइनल में दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाने वाले वैभव के लिए ये मैच भी काफी मुश्किल वाला हो सकता है, क्‍योंकि रजत पाटीदार की अगुवाई वाले मध्य क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत उसका गेंदबाजी विभाग है।

सेंट्रल जोन की टीम काफी मजबूत

पिछले साल ट्रॉफी जीतने वाली सेंट्रल जोन में कई प्रमुख खिलाड़ियों अभी तक बने हुए हैं। रजत पाटीदार आईपीएल और एमपी टी20 लीग में जबरदस्‍त प्रदर्शन के बाद शानदार फॉर्म के साथ टूर्नामेंट में उतर रहे हैं। वहीं, उपकप्तान रिंकू सिंह टीम के मध्य क्रम की सबसे मजबूत कड़ी हैं। इस टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका गेंदबाजी विभाग है।

श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो टेस्‍ट में भारत के लिए डेब्‍यू करने वाले सारांश जैन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन करके आ रहे हैं। बाएं हाथ के वैभव को उनसे विशेष रूप से सावधान रहना होगा। उनके अलावा वैभव को हर्ष दुबे को भी संभलकर खेलना होगा, जिन्‍होंने अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में वनडे डेब्‍यू किया था। अगर सूर्यवंशी इस जोड़ी को संभलकर खेलते हैं, तो वह बड़ी पारी खेल सकते हैं। हालांकि सेंट्रल जोन में यश ठाकुर और जीशान अंसारी भी हैं, जो उनके प्रमुख तेज गेंदबाज हैं।

सबके आकर्षण का केंद्र होंगे वैभव सूर्यवंशी

ईस्‍ट जोन की टीम क्‍वार्टर फाइनल के बाद अपनी लय को बनाए रखना चाहेगी। इस मैच में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी सबके आकर्षण का केंद्र होंगे, जो टीम के उपकप्‍तान भी हैं। क्वार्टर फाइनल में उनकी टीम ने नॉर्थ-ईस्‍ट जोन के खिलाफ पारी और 210 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी, जिसमें सुदीप घरामी और शाहबाज अहमद ने शतक लगाए थे। ईस्‍ट जोन का बैटिंग लाइनअप काफी मजबूत है, जिसमें कप्तान ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी के साथ अनुभवी अभिमन्यु ईश्वरन भी मौजूद हैं। वहीं, गेंदबाजी में शाहबाज के साथ अनुकूल रॉय और अभिजीत सरकार भी मौजूद हैं, जिन्‍होंने पिछले मैच में काफी शानदार गेंदबाजी की थी।