क्रिकेट

Vaibhav Suryavanshi: सपना पूरा होने पर वैभव सूर्यवंशी हुए भावुक, कहा- शब्द नहीं हैं मेरे पास कि समझां पाऊं

IND vs IRE T20 Series 2026: आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अब टीम इंडिया के लिए डेब्यू करने के बेहद करीब हैं। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चुने गए सूर्यवंशी ने बीसीसीआई के वीडियो में बताया कि भारतीय जर्सी पहनना उनका सपना था।

2 min read
Jun 23, 2026
vaibhav suryavanshi got emotional
टीम इंडिया की जर्सी मिलने पर भावुक हुए सूर्यवंशी (फोटो- BCCI)

Vaibhav Suryavanshi Got Team India Jersey: आईपीएल 2026 में रनों का अंबार लगाने वाले और कई अवॉर्ड्स पर कब्जा करने वाले वैभव सूर्यवंशी का सपना पूरा हो चुका है। वह भारतीय टीम के लिए डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। आयरलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली दो टी20 मैचों की सीरीज के लिए उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है, जहां वह 26 जून को बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। उस दिन सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम की जर्सी में देखा जा सकता है।

जर्सी मिलने पर भावुक हुए सूर्यवंशी

इससे पहले बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसमें सूर्यवंशी अपने डेब्यू को लेकर अपनी भावनाओं के बारे में बता रहे हैं। इस दौरान वह भावुक होकर यह भी बताते हैं कि इस पल को बयान करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।बीसीसीआई ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सूर्यवंशी कह रहे हैं कि जिस चीज के लिए उन्होंने पहले दिन से मेहनत की थी, आज वह सपना पूरा हो गया है। सूर्यवंशी ने बताया कि इस वक्त वह कैसा महसूस कर रहे हैं, इसे बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं।

वीडियो में दिखाया गया कि सूर्यवंशी के होटल में कोई उनका किट लेकर आता है, जिसके वह पैर छूते हैं। इसके बाद वह बताते हैं कि टीम इंडिया की जर्सी देखते ही वह इतने खुश हो गए कि उनके चेहरे पर लगातार मुस्कान बनी रही। सूर्यवंशी ने बताया कि कभी-कभी आप किसी चीज के बारे में सोचते हो और वह अचानक हो जाए, तो आप रिएक्ट नहीं कर पाते। उनके साथ भी ऐसा ही हो रहा था।

ट्राई सीरीज के फाइनल में खेली धुंआधार पारी

आपको बता दें कि हाल ही में खत्म हुई ट्राई सीरीज में सूर्यवंशी ने पहले चार मैचों में मिली-जुली बल्लेबाजी की, लेकिन खिताबी मुकाबले में 94 रनों की धुआंधार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक बना दिया। इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे और सबसे ज्यादा छक्के भी लगाए थे। उन्होंने इस दौरान कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। हालांकि, अब देखना यह होगा कि सूर्यवंशी अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करते हैं या संजू सैमसन के साथ।

26 जून को होगा सूर्यवंशी का डेब्यू

फिलहाल भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 26 जून को खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 28 जून को होगा। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर जाएगी, जहां 1 जुलाई से 11 जुलाई के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस स्क्वॉड में भी सूर्यवंशी का नाम शामिल है।