क्रिकेट

‘सोशल मीडिया नहीं, सिर्फ खेल पर दें ध्यान’ वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन की खास सलाह

Vaibhav Sooryavanshi : भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का कहना है कि ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ी यह कोशिश करते हैं कि वैभव सोशल मीडिया की दुनिया से ज्यादा ध्यान अपने क्रिकेट पर दें।
2 min read
Jul 26, 2026
Ishan Kishan and Vaibhav Sooryavanshi
Ishan Kishan and Vaibhav Sooryavanshi। Photo IANS

IND vs ZIM 2nd T20 : नई दिल्ली। महज 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हर तरफ हो रही है। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 में सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक लगाने के बाद से वैभव खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। हालांकि, भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन का कहना है कि ड्रेसिंग रूम में सभी खिलाड़ी यह कोशिश करते हैं कि वैभव सोशल मीडिया की दुनिया से ज्यादा ध्यान अपने क्रिकेट पर दें।

'वैभव समझदार, लेकिन भटकाव से बचाना जरूरी'

जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 में मिली धमाकेदार जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ईशान ने वैभव को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि वैभव असल में बहुत समझदार हैं। उन्हें पता है कि वह क्या कर रहे हैं, उन्हें कैसे बैटिंग करनी है, मैदान के बाहर और मैदान पर कैसा व्यवहार करना है। हालांकि, साथ ही, मुझे लगता है कि वह जिस बैकग्राउंड से आते हैं, वहां कई तरह की ध्यान भटकाने वाली चीजें हो सकती हैं। दोस्तों के सर्कल में भी ऐसी चीजें होती हैं।

'ड्रेसिंग रूम में सीनियर दे रहे हैं मार्गदर्शन'

ईशान किशन ने आगे कहा कि उसी बैकग्राउंड से आने के कारण, मुझे पता है कि जब आप क्रिकेट खेलते हैं, जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो किन चीजों पर ध्यान देना जरूरी होता है। मैं बस यही पक्का करने की कोशिश करता हूं। सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि अभिषेक, अक्षर और कई दूसरे खिलाड़ी जो भी उनसे किसी भी तरह से बातचीत करते हैं, हम सब यही पक्का करते हैं कि वह अभी ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट के बारे में सोचे, न कि सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है या बाहर क्या बातें हो रही हैं, या रन न बनने पर अपनी बॉडी लैंग्वेज को खराब होने दें।

ईशान और तिलक की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

ईशान का प्रदर्शन दूसरे टी20 में जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार रहा। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 44 गेंदों में 81 रनों की धमाकेदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ईशान ने 9 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, तिलक वर्मा ने 29 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 60 रन बनाए। ईशान-तिलक की आतिशी पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 219 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 219 रन बनाकर ढेर हो गई।

Updated on:
26 Jul 2026 10:38 am
Published on:
26 Jul 2026 10:38 am