
Duleep Trophy 2026 Final East Zone vs South Zone: दलीप ट्रॉफी 2026 के खिताबी मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। 15 साल का यह बल्लेबाज पांचवें दिन कुछ न करके भी भारतीय क्रिकेट का इतिहास पलट देगा। दलीप ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां ईस्ट जोन जीत की दहलीज पर खड़ी है। पहली पारी में उसने 372 रन की बढ़त हासिल कर ली थी और यहीं से उसकी जीत पक्की हो गई थी।
दलीप ट्रॉफी का फाइनल 5 दिनों का होता है और ड्रॉ होने की स्थिति में जो टीम पहली पारी में बढ़त हासिल करती है, उसे चैंपियन घोषित कर दिया जाता है। यही वजह है कि पांचवें दिन कुछ न करके भी ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लेगी, क्यों मैच साउथ जोन से काफी दूर जा चुका है, जहां से चमत्कार ही वापसी करवा सकता है। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी इंडियन क्रिकेट इतिहास के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे, जिसने 15 साल की उम्र में दलीप ट्रॉफी का खिताब जीता हो।
सूर्यवंशी ने पहली पारी में 44 और दूसरी पारी में 8 रन बनाए। अब तक वह टूर्नामेंट के तीन मैचों की पांच पारियों में 192 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया है और 2 विकेट भी चटकाए हैं।
इस मुकाबले में ईशान किशन ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने शानदार शुरुआत दी। ईश्वरन अर्धशतक बनाकर आउट हुए, तो सूर्यवंशी 44 रन पर ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद से ईशान किशन ने 260 और कुमार कुशाग्र ने 101 रन की पारी खेली, जिससे टीम ने पहली पारी में 708 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में साउथ जोन की टीम 336 रन पर ही सिमट गई, जिसमें कप्तान तिलक वर्मा ने 99 रन की पारी खेली थी। इसके बाद से ईस्ट जोन ने दोबारा बल्लेबाजी शुरू की और चौथे दिन का खेल खत्म होने तक उसने पांच विकेट गंवाकर 212 रन बना लिए हैं।
दूसरी पारी में भी ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी की और 80 रन बनाए। इसके अलावा शिखर मोहन ने भी 52 रन बनाए। फिलहाल कुमार कुशाग्र 34 और कुनैन कुरैशी 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं।