
Vaishnavi Sharma hat-trick: सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी एलीट टूर्नामेंट में शुक्रवार को मध्य प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने आंध्र प्रदेश को 9 विकेट से हराया। न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में आंध्र प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 128 रन बनाए। जवाब में मध्य प्रदेश ने 15.1 ओवर में एक विकेट खोकर 133 रन बनाए और आसानी से जीत दर्ज की।
मध्य प्रदेश से टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आंध्र प्रदेश की ओर से रंगा लक्ष्मी और नीरागट्टू अनुषा ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने टीम का स्कोर 29 रन तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर रंगा लक्ष्मी 13 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नीरागट्टू अनुषा और हेनरीएटा परेरा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 14 रन की साझेदारी हुई। नीरागट्टू अनुषा 19 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।
इसके बाद हेनरीएटा परेरा ने एक छोर संभाले रखा और अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 41 गेंदों में 59 रन बनाए। उनके अलावा निचले क्रम में एलुटला पद्मजा और आयशा सिंह ने क्रमशः 12 और 17 रन का योगदान दिया।
वहीं, मध्य प्रदेश की गेंदबाज वैष्णवी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया। उनकी घातक गेंदबाजी के सामने आंध्र प्रदेश की बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सकीं। इस तरह आंध्र प्रदेश की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।
मध्य प्रदेश की स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने मैच में कुल छह विकेट चटकाए। इसमें आंध्र प्रदेश की पारी के आखिरी ओवर में लगातार चार गेंदों पर लिए गए चार विकेट भी शामिल हैं। वैष्णवी ने अपने चार ओवर में 22 रन देकर छह विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 5.50 रहा। उनके अलावा निकिता सिंह और सौम्या तिवारी ने एक-एक विकेट लिया।
आपको बता दें कि पिछले साल भी वैष्णवी शर्मा ने इसी टूर्नामेंट में पंजाब के खिलाफ हैट्रिक ली थी। उस मुकाबले में उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे।
वैष्णवी शर्मा ने हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ महिला वनडे अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भी शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने दो पारियों में नौ विकेट चटकाए थे। इस दौरान उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय पांच विकेट हॉल भी हासिल किया था। उन्होंने एक पारी में 39 रन देकर पांच विकेट लिए थे।
आंध्र प्रदेश से मिले 129 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने 15.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 133 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मध्य प्रदेश की ओर से सलामी बल्लेबाज आयुषी शुक्ला ने 29 गेंदों में 37 रन की पारी खेली। वहीं, अनुष्का शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए। उनकी पारी में पांच चौके और छह छक्के शामिल रहे। इसके अलावा नुजहत परवीन 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। इस तरह मध्य प्रदेश ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर आंध्र प्रदेश को नौ विकेट से हराकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।