
Varun Chakaravarthy replacement for Asian Games 2026:मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने करीब दो महीने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिकवरी और रिहैब के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वापसी की थी। लेकिन, पहले ही मैच के बाद साइड स्ट्रेन की शिकायत के चलते टीम मैनेजमेंट ने उन्हें बिना समय गंवाए रिलीज करने का फैसला किया। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि अब उनका जापान में आयोजित होने वाले वाले एशियन गेम्स 2026 में भी खेलना मुश्किल है। अब सवाल खड़ा होता है कि अगर वरुण फिट नहीं होते हैं, तो उनकी जगह कौन लेगा? फिलहाल इस रेस में कुलदीप यादव समेत तीन नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
वरुण ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में सबसे किफायती गेंदबाजी की थी। उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 4.00 की इकॉनमी से 16 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया था। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, वरुण ने मैच के बाद साइड स्ट्रेन की शिकायत की थी, जिसके तुरंत बाद उन्हें बाहर कर दिया गया। अब वह फिर से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाएंगे। जहां मेडिकल टीम की जांच के बाद उनके एशियन गेम्स में हिस्सा लेने पर फैसला किया जाएगा।
भारतीय टीम के जापान रवाना होने मे अब काफी कम समय बचा है। टीम इंडिया एशियन गेम्स से पहले 22 सितंबर को मेजबान जापान से एक बाइलेटरन मैच भी खेलेगी। टीम 18 सितंबर को नई दिल्ली से जापान के लिए उड़ान भरेगी। जहां उनका एशियन गेम्स में अभियान 28 सितंबर से शुरू होगा। जहां डिफेंडिंग चैंपियन अपने खिताब को बचाने की उम्मीद से उतरेगा।
भारत के पास पहले से ही टीम में रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर हैं, लेकिन, अगर वरुण चक्रवर्ती एशियन गेम्स से भी बाहर होते हैं, तो भारतीय चयनकर्ताओं को उनका रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा। इस रेस में सबसे आगे चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव का नाम सबसे आगे चल रहा है। कुलदीप ने टी20 इंटरनेशनल में 13.74 के औसत और 6.95 की इकॉनमी से 95 विकेट चटकाए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने हाल ही में काउंटी चैंपियनशिप में यॉर्कशायर के लिए 10 विकेट (4/70 और 6/50) लेकर अपनी फॉर्म भी दिखाई है।
इस मामले में दूसरे सबसे बड़े दावेदार क्रुणाल पंड्या हैं। वह टी20 क्रिकेट में सबसे किफायती लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजों में से एक हैं और एक प्रैक्टिकल ऑप्शन भी हैं। आईपीएल 2026 में क्रुणाल ने 8.41 की इकॉनमी से 14 विकेट लिए थे और वह लोअर-ऑर्डर में जरूरी रन भी बना सकते हैं। इस दौड़ में तीसरा नाम विपराज निगम का हो सकता है। वह एक उभरते हुए घरेलू स्टार खिलाड़ी हैं। अगर चयनकर्ता चक्रवर्ती जैसा मिस्ट्री लेग स्पिनर चाहते हैं, तो निगम एक मजबूत ऑप्शन हो सकते हैं।