क्रिकेट

तय हो गई है वर्ल्ड कप की टीम, नंबर-4 पर यह खिलाड़ी साबित होगा मैच विनर: विराट कोहली

वर्ल्ड कप 2019 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की नंबर-4 की समस्या ख़त्म होती नजर आ रही है।
2 min read
• •
Updated: 21 Oct 2018, 12:02 PM IST
virat and team
तय हो गई है वर्ल्ड कप की टीम, नंबर-4 पर यह खिलाड़ी साबित होगा मैच विनर: विराट कोहली

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने रविवार को यहां वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले वनडे मैच के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अंबाती रायडु का समर्थन किया है। कोहली ने मैच की पूर्वसंध्या पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, "टीम को इस नंबर पर उनकी कमी महसूस हुई है। मैंने भी उन्हें बल्लेबाजी करते देखा है। वह मध्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हमें ऐसा महसूस हुआ है कि हमारा मध्यक्रम कमजोर है।"


मैच विनर हैं रायडू-
उन्होंने कहा, "हमें यह विश्वास है कि रायडू चौथे नंबर के लिए सही रहेंगे। वह काफी अनुभवी हैं और उन्होंने घरेलू टीम और आईपीएल टीम को कई मैचों में जीत दिलाई है। भारत के लिए वनडे में उनका बेहतरीन रिकॉर्ड है।" भारत को अगले साल होने वाले विश्वकप से पहले इस सीरीज सहित कुल 18 वनडे मैच खेलने हैं। कप्तान ने कहा, "अब ये 18 मैच हमें एक अच्छा संतुलन देंगे जिसे हम विश्वकप में ले जाना चाहते हैं।"


नंबर-4 की समस्या का समाधान हैं रायडू-
कोहली ने कहा कि नंबर-4 की समस्या का हल निकालना हमारे लिए चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा, "रायडू ने एशिया कप में बेहतर प्रदर्शन किया है। वह विश्वकप से पहले पर्याप्त मौके के हकदार हैं। ज्यादा मौके मिलने से वे इस समस्या को खत्म कर सकते हैं। टीम प्रबंधन को यह लगता है कि वह मध्यक्रम के लिए सबसे उपयोगी बल्लेबाज है। मैंने भी उसे बल्लेबाजी करते देखा है।" रायडु ने एशिया कप में कोहली की गैरमौजूदगी में छह मैचों में 175 रन बनाए थे।


एकमात्र समस्या थी नंबर-4 की पोजीशन-
कोहली ने कहा, "नंबर-4 ही एकमात्र ऐसी पोजीशन है, जो हमारे लिए परेशानी का कारण है। हमने कई खिलाड़ियों को मौके दिए, लेकिन दुर्भाग्य से वे उसका फायदा नहीं उठा सके।" भारत ने इस पोजीशन पर पिछले एक साल में कई खिलाड़ियों को इस्तेमाल किया है पर वह सभी इस स्थान को अपना बनाने में नाकाम रहे। अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडेय, युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी को इस स्थान पर खिलाया जा चुका है। पर वर्ल्ड कप टीम में इस स्थान पर खेलने की रेस में रायडू ने इन सभी को पछाड़ दिया है।

Published on: