क्रिकेट

विराट कोहली संग क्या प्लान बना रहे हैं शुभमन गिल? 2027 वर्ल्ड कप को लेकर खुद किया बड़ा खुलासा

ENG vs IND 1st ODI: भारत-इंग्लैंड वनडे मैच की पूर्व संध्या पर भविष्य की योजनाओं का खुलासा किया। उन्होंने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर विराट कोहली के साथ हुई खास चर्चा का जिक्र किया। जानिए टीम इंडिया के कॉम्बिनेशन, 50 ओवर फॉर्मेट और ट्राई सीरीज पर गिल ने क्या कहा।
2 min read
Jul 14, 2026
Virat Kohli with Shubman Gill discussion on 2027 odi world cup.
शुभमन गिल अभ्यास सत्र के दौरान (Photo- IANS)

Shubman Gill on 2027 ODI World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने बताया कि वह और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहले ही दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों पर चर्चा शुरू कर चुके हैं। दोनों इस बात पर मंथन कर रहे हैं कि वहां की परिस्थितियों के हिसाब से टीम इंडिया का सबसे मजबूत संयोजन क्या हो सकता है।

विराट कोहली के साथ क्या हुई चर्चा?

शुभमन गिल ने कहा कि नेट्स के दौरान उनकी और विराट कोहली की बातचीत टीम के भविष्य को लेकर हुई। दोनों ने इस बात पर चर्चा की कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में किस तरह का टीम कॉम्बिनेशन सबसे बेहतर रहेगा। शुभमन गिल ने कहा, 'मैं और विराट टीम कॉम्बिनेशन पर बात कर रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे अच्छा संयोजन क्या हो सकता है? कौन से खिलाड़ी हैं जो अभी टीम में नहीं हैं, लेकिन भविष्य में हमारी मदद कर सकते हैं? कौन से तेज गेंदबाज, ऑलराउंडर और स्पिनर टीम के लिए उपयोगी होंगे? हम इन सभी पहलुओं पर चर्चा कर रहे थे।'

50 ओवर के वनडे फॉर्मेट का समर्थन

शुभमन गिल ने इस दौरान वनडे क्रिकेट के भविष्य पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने 50 ओवर के प्रारूप को 40 ओवर का किए जाने के सुझावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 50 ओवर का वर्ल्ड कप टूर्नामेंट ही उनके लिए सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है। उन्होंने कहा, 'मैं 50 ओवर का क्रिकेट देखकर बड़ा हुआ हूं। जब भी वर्ल्ड कप की बात होती है, सबसे पहले 50 ओवर का वर्ल्ड कप ही मेरे दिमाग में आता है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इसे 40 ओवर का किया जाना चाहिए।'

बुमराह से शुभमन गिल को उम्मीद

शुभमन गिल ने इस दौरान भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वनडे टीम में वापसी का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'बुमराह कुछ समय बाद वनडे टीम में वापस आ रहे हैं। उम्मीद है कि इस सीरीज से पहले उन्होंने पर्याप्त गेंदबाजी की होगी। उम्मीद है कि उनके लिए यह वनडे सीरीज अच्छी रहेगी। हम सीरीज जीतकर शानदार अंदाज में इसका समापन करेंगे।'

Updated on:
14 Jul 2026 08:07 am
Published on:
14 Jul 2026 08:07 am
Also Read
View All