क्रिकेट

रनों की भूख और कड़ी मेहनत बनाती कोहली को विराट

कोहली की सफलता का राज योग्यता के साथ रनों की भूख और कड़ी मेहनत है। यह उन्हें सुपर स्टार बनाती है। यह कहना है पूर्व भारतीय बल्लेबाज विक्रम राठौर का।
2 min read
• •
Updated: 31 Oct 2017, 11:01 PM IST
virat

कोलकाता. विराट कोहली की सफलता का राज योग्यता के साथ रनों की भूख और कड़ी मेहनत है। यह उन्हें सुपर स्टार बनाती है। यह कहना है भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज विक्रम राठौर का। राठौर इस समय हिमाचल प्रदेश की रणजी टीम के कोच हैं जिसे बुधवार से शुरू हो रहे ग्रुप-डी के मुकाबले में बंगाल से भिडऩा है। राठौर ने भारत के लिए 1996 से 1997 तक छह टेस्ट और सात वनडे खेले थे।
हमेशा से थी सुपरस्टार बनने पर नजर
राठौर ने कहा कि विराट हमेशा से ही महान खिलाड़ी रहे हैं। मेरा मानना है कि वह रनों के बेहद भूखे और कड़ी मेहनत करने वाले हैं। वह आज जो कुछ भी हैं उसमें इन सभी चीजों का योगदान है। उनका कहना है कि कोहली हमेशा से सुपरस्टार बनना चाहते थे। वह इसके लिए कड़ी मेहनत करते हैं। उनमें हमेशा से यह योग्यता थी। इन सभी चीजों का संयोजन उनके लिए काम कर रहा है और वह देश के लिए काफी अच्छा कर रहे हैं। कोहली ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खत्म हुई तीन वनडे मैचों की सीरीज में दो शतक जड़े हैं। इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया था।
वर्तमान टीम इंडिया सबसे बेस्ट
राठौर से जब पूछा गया कि क्या मौजूदा टीम भारत की सबसे सफल टीम है तो राठौर ने कहा कि आने वाला दक्षिण अफ्रीका दौरा इस बात को साफ कर देगा। भारत तीन टेस्ट, छह वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज के लिए अगले साल जनवरी-फरवरी में दक्षिण अफ्रीका जाएगा। राठौर ने कहाप कि यह भारत की सर्वश्रेष्ठ टीम है या नहीं, यह कहना मुश्किल है। वह विदेशों में कैसा खेलते हैं, दक्षिण अफ्रीका में कैसा प्रदर्शन करते हैं, उनके सामने किस तरह की टीमें आती हैं इसका काफी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा, दक्षिण अफ्रीका का अगामी दौरा टीम के लिए काफी अहम होगा।

Published on: