क्रिकेट

वानिंदु हसरंगा IPL 2026 से बाहर, अब इस विदेशी हरफनमौला को रिप्लेस कर सकती है LSG

Wanindu Hasaranga ruled out: LSG की ओर से आखिरकार वानिंदु हसरंगा को बाहर करने की पुष्टि कर दी गई है। फ्रैंचाइजी जल्‍द ही उनके रिप्‍लेसमेंट की घोषणा करेगी। रिपोर्ट के अनुसार, उनकी जगह जॉर्ज लिंडे को टीम में शामिल किया जा सकता है।
2 min read
Apr 10, 2026
Wanindu Hasaranga ruled out
श्रीलंकाई ऑलराउंडर वानिंदु हसरंगा। (फोटो सोर्स: IANS)

Wanindu Hasaranga ruled out: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आखिरकार मान लिया है कि वानिंदु हसरंगा इस आईपीएल 2026 सीजन में टीम के साथ नहीं जुड़ेंगे। वानिंदु की फिटनेस और उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता के बाद फ़्रैंचाइजी अब आगे बढ़ रही है। अगले एक-दो दिन में उनके विकल्प की घोषणा होने की उम्‍मीद है। क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान इस बात की पुष्टि की। उनका संदेश साफ था कि टीम ने काफी इंतजार कर लिया है और अब वे अपनी टीम में कोई कमी नहीं छोड़ सकते, क्योंकि टूर्नामेंट अब रफ्तार पकड़ रहा है।

टी20 विश्व कप में लगी थी चोट

बता दें कि हसरंगा को इस साल की शुरुआत में टी20 विश्व कप में श्रीलंका के पहले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी, जिसके बाद से वे प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापस नहीं लौटे हैं। इससे भी ज्‍यादा अहम बात यह है कि उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट की ओर से तय की गई अनिवार्य फिटनेस शर्त को पूरा नहीं किया है, जो आईपीएल में खेलने के लिए एओसी हासिल करने की एक जरूरी शर्त है।

हरफनमौला लिंडे हो सकते हैं पहली पसंद

ईएसपीएनक्रिक की रिपोर्ट के अनुसार, एलएसजी जिन नामों पर विचार कर रही है, उनमें दक्षिण अफ़्रीका के जॉर्ज लिंडे सबसे आगे नजर आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक आईपीएल नहीं खेला है, लेकिन लिंडे के पास एसए20, द हंड्रेड, मेजर लीग क्रिकेट और पीएसएल जैसी कई टी20 लीग में खेलने का अनुभव है।

लिंडे हाल ही में दक्षिण अफ़्रीका के लिए टी20 विश्व कप में भी खेले थे। वह 250 से ज्‍यादा टी20 मैचों में 7.42 की इकॉनमी रेट से 218 विकेट ले चुके हैं और निचले क्रम में बल्लेबाजी का विकल्प भी देते हैं। एक ऐसी भूमिका जिसकी उम्मीद हसरंगा से की जा रही थी। हालांकि, यह बात दिलचस्प है कि एलएसजी के पास पहले से ही शाहबाज अहमद मौजूद हैं, जो वही काम कर सकते हैं।

हालांकि, इसके बावजूद लिंडे की हालिया फॉर्म कुछ खास नहीं रही है। न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पिछली टी20 सीरीज के चार मैचों में वे सिर्फ एक विकेट ही ले पाए थे। लेकिन, लखनऊ सुपर जायंट्स शायद शॉर्ट-टर्म आंकड़ों से आगे देख रही है और ऑलराउंड पहलू पर फोकस कर रही है।

Updated on:
10 Apr 2026 11:49 am
Published on:
10 Apr 2026 11:49 am