सुपर 8 ग्रुप 1 के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्डकप इतिहास की अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्जी की, जिससे अंक तालिका में भारतीय टीम का फायदा हो गया।
West Indies Beat Zimbabwe in T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के 44वें मुकाबले में वेस्टइंडीज की धमाकेदार जीत से टीम इंडिया को फायदा हो गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 254 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्डकप इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले साल 2007 में श्रीलंका ने केन्या के खिलाफ 260 रन बनाए थे, जो आज तक कोई टीम नहीं तोड़ पाई है।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में सिर्फ 147 रन पर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज इस धमाकेदार 107 रन से जीत के साथ सुपर 8 ग्रुप-1 में पहले स्थान पर पहुंच गई है और उसने साउथ अफ्रीका को पीछे छोड़ दिया है। आपको बता दें कि साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम के खिलाफ 76 रन से जीत हासिल की थी और उसका नेट रन रेट +3.80 है। हालांकि वेस्टइंडीज का नेट रन रेट अब +5.350 हो गया है, जिसकी बदौलत वह अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी ओर नेट रन रेट के मामले में जिम्बाब्वे (-5.350) भारतीय टीम (-3.800) से भी पीछे चला गया है। यही वजह है कि भारतीय टीम अब अंक तालिका में चौथे स्थान से तीसरे स्थान पर आ गई है।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। ब्रेंडन किंग सिर्फ 9 रन बना सके, जबकि कप्तान शाई होप 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद शिमरन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। हेटमायर ने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की ओर से सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। वहीं रोवमैन पॉवेल ने 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 35 गेंदों में 59 रन की पारी खेली।
अंत में शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों में 31 रन ठोककर वेस्टइंडीज को टी20 वर्ल्ड कप इतिहास के दूसरे सबसे बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। 255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने 20 रन के स्कोर पर ही अपने 3 विकेट गंवा दिए। जिम्बाब्वे के लिए आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ब्रैड इवांस ने 21 गेंदों में 5 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 43 रन की पारी खेली, लेकिन यह रन जिम्बाब्वे के नेट रन रेट के लिहाज से ही थोड़े फायदेमंद साबित हुए।
आखिरकार जिम्बाब्वे की पूरी टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज की ओर से अकील हुसैन ने 3 विकेट चटकाए, जबकि गुडाकेश मोटी ने 4 विकेट झटके।