क्रिकेट

WI vs SRL: गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजी में भी चमके वेस्ट इंडीज के क्रिकेटर, मैच पर पकड़ हुई मजबूत

श्रीलंका औऱ वेस्ट इंडीज के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच में मेजबान वेस्ट इंडीज की टीम ने मजबूत बढ़त बना ली है। जानें खेल के दूसरे दिन क्या हुआ...
2 min read
• •
Updated: 16 Jun 2018, 7:10 PM IST
wi vs srl

नई दिल्ली। सेंट लूसिया में वेस्ट इंडीज औऱ श्रीलंका के बीच जारी दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मैच के पहले दिन गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर श्रीलंका को 252 रनों पर सीमित करने के बाद आज मेजबान वेस्टइंडीज ने पहली पारी में अच्छी शुरुआत की है। वेस्टइंडीज ने दूसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में दो विकेट खोकर 118 रन बना लिए हैं। वह अभी भी हालांकि श्रीलंका से 135 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक स्टम्प्स तक डेवोन स्मिथ 134 गेंदों में चार चौके और एक सिक्स लगाकर 53 रनों पर नाबाद हैं। उनके साथ शाई होप दो रन बनाकर खड़े हुए हैं।

इंडीज के गेंदबाजों का अच्छा प्रदर्शन-
वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने पहले दिन ही श्रीलंका को समेट दिया था और अपनी पहली पारी की शुरुआत भी कर दी थी। दूसरे दिन दो रनों के कुल स्कोर से आगे खेलने उतरी वेस्टइंडीज को दिन का पहला झटका क्रेग ब्रैथवेट (22) के रूप में लगा। उन्हें कासुन रजिथा ने विकेट के पीछे निरोशन डिकवेला के हाथों कैच कराया। उनके स्थान पर मैदान पर आए केरन पावेल (27) ने स्मिथ के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी की। लाहिरू कुमारा ने पावेल को कुशल मेंडिस के हाथों कैच करा अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई। हालांकि दिन के तय 90 ओवरों का खेल पूरा नहीं हो सक क्योंकि बारिश ने रूक-रूक कर मैच में बाधा डाली। बाद में अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण दिन का खेल तय समय से पहले समाप्त करने की घोषणा कर दी।

चांडीमाल का बेहतरीन शतक-
इससे पहले टेस्ट के पहले दिन श्रीलंका की ओर से कप्तान दिनेश चांडीमाल के अलावा और कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक इंडीज के गेंदबाजों के सामने नहीं टिक सका था। मैच के पहले दिन दिनेश चांडीमाल ने 119 रनों की नाबाद पारी खेली थी। जबकि टीम ने अन्य सदस्यों ने मिलकर मात्र 134 रन ही जोड़ सके थे। लिहाजा वेस्ट इंडीज की टीम सीरीज को क्लीन स्वीप करने की ओर मजबूती से बढ़ती दिख रही है।

Published on: