क्रिकेट

क्या इस सीजन एक भी मुक़ाबला नहीं खेलेंगे धोनी? फिटनेस नहीं यह है टीम से बाहर रहने की बड़ी वजह

टूर्नामेंट की शुरुआत में कैल्फ इंजरी के कारण धोनी पहले दो हफ्ते टीम से बाहर रहे थे। अब वे पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके अभी तक मैदान पर नहीं उतरे हैं।

3 min read
Apr 26, 2026
CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Photo - IANS)

MS Dhoni, Chennai Super Kings vs Gujarat Titans, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 37वां मुक़ाबला पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वापसी करेंगे या नहीं ये एक बड़ा सवाल है।

ये भी पढ़ें

IPL 2026 Points Table: डबल हेडर के बाद कुछ ऐसी है पॉइंट्स टेबल, PBKS टॉप पर, RR को हुआ नुकसान

दो हफ्ते से बाहर हैं धोनी

टूर्नामेंट की शुरुआत में कैल्फ इंजरी के कारण धोनी पहले दो हफ्ते टीम से बाहर रहे थे। अब वे पूरी तरह फिट बताए जा रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके अभी तक मैदान पर नहीं उतरे हैं। हैदराबाद और मुंबई के मैचों के लिए वे टीम के साथ गए थे, पर खेलने नहीं आए। टीम मैनेजमेंट की ओर से केवल यही कहा जा रहा था कि धोनी अभी रिकवरी के फेज में हैं।

हालांकि, सूत्रों के अनुसार असलियत कुछ और है। 44 वर्षीय धोनी अब पूरी तरह फिट हैं। वे खेलने में देरी इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे टीम के मौजूदा कॉम्बिनेशन को बिगाड़ना नहीं चाहते। शनिवार को CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, “धोनी अच्छी प्रगति कर रहे हैं। उन्हें जो कहा जा रहा है, वे सब कर रहे हैं।” लेकिन उन्होंने आगे कोई खुलासा नहीं किया।

कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव नहीं चाहते धोनी

जानकारों का मानना है कि धोनी ने टीम मैनेजमेंट को साफ-साफ बता दिया है कि अभी कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव न किया जाए। सीजन की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई थी, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 103 रनों की बड़ी जीत के बाद CSK ने वापसी कर ली है और टीम का मनोबल भी काफी ऊँचा है।

पॉइंट्स टेबल में पांचवे स्थान पर बैठी चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की रेस में अभी भी बनी हुई है। अगर टीम अगले सात मैचों में से पाँच जीत हासिल कर ले तो टॉप-4 में जगह बनाना मुश्किल नहीं होगा, खासकर जब नेट रन रेट भी अच्छा है। इसी नाजुक मोड़ पर धोनी अपनी वजह से बैटिंग ऑर्डर या टीम कॉम्बिनेशन में कोई बदलाव नहीं चाहते। वांखेड़े स्टेडियम में भी धोनी से खेलने की उम्मीद थी। मैच से पहले उन्होंने अच्छी प्रैक्टिस भी की थी, लेकिन उस मैच में मिडिल ऑर्डर में कार्तिक शर्मा को मौका मिला।

जल्द से जल्द वापस आने की पूरी कोशिश कर रहे हैं

मैच के बाद बैटिंग कोच माइक हसी ने कहा था, “धोनी बहुत अच्छे से रिकवर कर रहे हैं। वे जल्द से जल्द वापस आने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। फैंस भी उन्हें खेलते देखना चाहते हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि आने वाले कुछ मैचों में वे खेल सकते हैं। नेट्स में उनकी बल्लेबाजी अच्छी है, लेकिन बीच विकेटों में दौड़ना भी जरूरी है। कैल्फ को पूरी तरह मजबूत होने देना होगा।”

कार्तिक शर्मा को 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा गया था, लेकिन वे अभी तक अपनी पूरी क्षमता नहीं दिखा पाए हैं। ऐसे में गुजरात टाइटंस के खिलाफ धोनी को मौका मिल सकता है, लेकिन अंतिम फैसला पूरी तरह धोनी के हाथ में है। शनिवार को धोनी ने थोड़ी रनिंग भी की और कोई तकलीफ नहीं हुई। रिहैब के दौरान वे सिर्फ थ्रो डाउन ले रहे थे, लेकिन मुंबई में नेट्स में उन्होंने गेंदबाजों का सामना किया और विकेटकीपिंग ड्रिल्स भी कीं।

धोनी की यह अनिच्छा इसलिए भी समझ में आती है क्योंकि संजू सैमसन विकेट के पीछे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। माइक हसी ने पूछे जाने पर कहा, “मुझे लगता है कि विकेटकीपिंग सैमसन ही करेंगे। धोनी की इंजरी कैल्फ की है, इसलिए दौड़ना और रन लेने के लिए कैल्फ को काफी मजबूत होना जरूरी है। स्किल के मामले में हम जानते हैं कि धोनी क्या कर सकते हैं। बस कैल्फ में कॉन्फिडेंस की जरूरत है।” अब देखना यह होगा कि रविवार को चेपॉक स्टेडियम की भीड़ महेंद्र सिंह धोनी को बैटिंग या विकेटकीपिंग करते देख पाती है या नहीं।

ये भी पढ़ें

CWG 2030 कैसे होस्ट करेगा भारत? अबतक नहीं चुकाए 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स के करोड़ों के बिल, अदालतों में लटके हैं दर्जनों मामले
Published on:
26 Apr 2026 09:37 am
Also Read
View All