
WI vs PAK Test 2026 Records: पाकिस्तान को पहले टेस्ट में 90 रन से हार झेलनी पड़ी है। ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में वेस्टइंडीज ने 211 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 120 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में सिर्फ कप्तान बाबर आजम और 11वें नंबर के बल्लेबाज मोहम्मद अब्बास ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। बाबर आजम ने 58 और मोहम्मद अब्बास ने 11 रन बनाए, जबकि बाकी सभी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 120 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस हार के बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान की टीम 1-0 से पिछड़ गई है। इस सीरीज से पहले पाकिस्तान ने बड़ा बदलाव करते हुए बाबर आजम को फिर से कप्तानी सौंपी थी, लेकिन इसका फायदा बिल्कुल भी देखने को नहीं मिला।
वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 282 रन बनाए। इस तरह वेस्टइंडीज को 29 रन की बढ़त मिली। इसके बाद वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 181 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 211 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में पाकिस्तान की टीम 40.2 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई।
कप्तान बाबर आजम ने 107 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए। वहीं इमाम-उल-हक 3, सलमान आगा 0, मोहम्मद रिजवान 11, आमिर जमाल 0, अली उस्मान 2, हसन अली 0, खुर्रम शहजाद 4 और मोहम्मद अली 0 रन बनाकर आउट हुए।
वेस्टइंडीज के लिए जेडेन सील्स ने दूसरी पारी में 5 विकेट चटकाए, जबकि केमार रोच और जस्टिन ग्रीव्स को 2-2 सफलताएं मिलीं। शमार जोसेफ ने भी 1 विकेट हासिल किया। जस्टिन ग्रीव्स ने पहली पारी में भी 5 विकेट लिए थे। शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टेस्ट इतिहास का यह छठा मुकाबला है, जिसमें पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच में सभी 40 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि पाकिस्तान के सभी बल्लेबाजों को वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने आउट किया। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज ने कई कीर्तिमान रचे। पिछले 11 टेस्ट मैचों में वेस्टइंडीज की यह सिर्फ दूसरी जीत है, जबकि पाकिस्तान की घर से बाहर लगातार आठवीं हार है।