क्रिकेट

WTC Points Table Update: वेस्टइंडीज की ऐतिहासिक जीत के बाद कितनी बदली WTC की प्वाइंट्स टेबल? पाकिस्तान का हाल सबसे खराब

World Test Championship Points Table Update: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर है तो पाकिस्तान आखिरी स्थान पर है।
2 min read
Jul 29, 2026
WTC Points Table
वेस्टइंडीज को WTC points Table में हुआ फायदा (फोटो- IANS)

WTC 2025-27 Points Table Update: वेस्टइंडीज की पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत के बाद वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है। पाकिस्तान की टीम नौवें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज 11 मैचों के बाद आठवें स्थान पर है। अंक तालिका में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया है, जिसने 8 में से 7 मुकाबले जीते हैं और 87.50 जीत प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर काबिज है। दक्षिण अफ्रीका दूसरे, न्यूजीलैंड तीसरे और बांग्लादेश चौथे स्थान पर हैं। भारतीय टीम ने 9 में से 4 मैच जीते हैं और 48.15 जीत प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है।

वेस्टइंडीज ने पाक को 90 रन से रौंदा

मंगलवार देर रात ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रन से हरा दिया। यह पिछले 11 टेस्ट मुकाबलों में वेस्टइंडीज की सिर्फ दूसरी जीत थी, जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान की लगातार चौथी टेस्ट हार और विदेशी सरजमीं पर लगातार आठवीं हार रही।

इन दोनों टीमों का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में पहुंचना नामुमकिन हो गया है। हालांकि, भविष्य में इन दोनों टीमों का प्रदर्शन दूसरी टीमों के लिए चुनौती बन सकता है। पाकिस्तान को अब अपनी अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में खेलनी है, जबकि वेस्टइंडीज को पाकिस्तान के खिलाफ इसी सीरीज का एक और टेस्ट मैच खेलना है।

दोनों टीमों की अगली सीरीज कहां

अगस्त और सितंबर में पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद उसे श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज और फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज का सामना बांग्लादेश से होना है। वेस्टइंडीज की टीम अब तक 11 टेस्ट मैच खेल चुकी है, जिसमें उसने सिर्फ 2 मुकाबले जीते हैं। उसका जीत प्रतिशत 24.24 है। वहीं, पाकिस्तान ने अब तक 10 टेस्ट मैचों में सिर्फ 1 मुकाबला जीता है और उसका जीत प्रतिशत 10 से भी कम है।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में आज तक सिर्फ भारत, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की टीमें ही पहुंच पाई हैं। 2021 में न्यूजीलैंड चैंपियन बनी थी, तो 2023 में ऑस्ट्रेलिया और 2025 में साउथ अफ्रीका ने खिताब जीता था। भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 2-2 बार फाइनल खेल चुकी हैं। लेकिन टीम इंडिया अब तक खिताब नहीं जीत पाई है।

Updated on:
29 Jul 2026 10:14 am
Published on:
29 Jul 2026 10:08 am