WI vs SA T20i Series: मेजबान वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में महज 56 गेंदों में रौंदते हुए सीरीज में 3-0 से क्लीन स्विप किया है।
WI vs SA T20i Series: मेजबान वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में महज 56 गेंदों में रौंदते हुए सीरीज में 3-0 से क्लीन स्विप किया है। त्रिनिदाद के ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए बारिश बाधित मैच में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवर में 108 रन बनाए। डकवर्थ लुईस नियम के तहत वेस्टइंडीज को 13 ओवर में 116 रन का लक्ष्य मिला, जिसे मेंजबान टीम ने महज 56 गेंदों यानी 9.2 ओवर में ही हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की।
साउथ अफ्रीका की शुरुआत काफी धीमी रही। उसने पहला विकेट पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर महज 23 रन के स्कोर पर गंवा दिया। जब हेनरिक 20 गेंद पर सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 61 के स्कोर पर कप्तान मार्करम 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर चलते बने। फिर ट्रिस्टन स्टब्स ने 15 गेंदों पर तूफानी 40 रन की तूफानी पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। साउथ अफ्रीका की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 13 ओवर में 108 रन बनाए।
बारिश बाधित इस मैच में डकवर्थ लुईस नियम के तहत मेजबान वेस्टइंडीज को 13 ओवर में 116 रन का लक्ष्य मिला। विंडीज का पहला विकेट महज 2 रन के स्कोर पर गिरा। इसके बाद निकोलस पूरन ने विस्फोटक पारी खेलकर मैच में जान डाल दी। निकोलस पूरन ने 13 गेंदों पर 2 चौके और 4 छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। इसके बाद शाई होप और शिमरोन हेटमायर ने मैच फिनिश किया। शाई होप ने 24 गेंदों पर 42 रन और हेटमायर ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए।
इस तरह वेस्टइंडीज ने 116 रन के लक्ष्य को महज 9.2 ओवर में हासिल करते हुए शानदार जीत दर्ज की। मेजबान विंडीज ने सीरीज भी 3-0 से जीत ली है।सीरीज के आखिरी मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब रोमारियो शेफर्ड को दिया गया। वहीं, शाई होप को प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया।