Usman Tariq Bowling Action: पाकिस्तानी स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। ऑस्ट्रेलियन बल्लेबाज कैमरून ग्रीन ने तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठाए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनके एक्शन की जांच के लिए आईसीसी से शिकायत कर सकता है। अगर वह भट्टा साबित होता है तो उन्हें टी20 वर्ल्ड कप से बैन भी किया जा सकता है।
Usman Tariq Bowling Action: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले पाकिस्तान को बड़ा झटका लग सकता है, क्योंकि उनके स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक संदिग्ध एक्शन को लेकर विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम फिलहाल पाकिस्तान दौरे पर है। जहां दोनों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के दूसरे मुकाबले में तारिक का एक्शन काफी सुर्खियों में है। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरून ग्रीन ने आउट होने के बाद तारिक पर भट्टा फेंकने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अब आईसीसी से शिकायत कर सकता है।
दरअसल, उस्मान तारिक शुरुआत से ही गेंदबाजी एक्शन को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन पर चकिंग (15 डिग्री से अधिक हाथ बेंड करना) करने के आरोप लगते रहते हैं। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में तारिक को प्लेइंग इलेवन में जगह दी थी। ऑस्ट्रेलिया 196 रन के लक्ष्य का पीछा रही थी और कैमरून ग्रीन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे।
ग्रीन 35 रन बनाकर खेल रहे थे, लेकिन वह अचानक उस्मान तारिक की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के चक्कर में कैच आउट हो गए। ग्रीन ने पवेलियन लौटकर तारिक पर भट्टा गेंदबाजी का आरोप लगाया।
बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सईद अजमल को भी चकिंग के लिए बैन किया जा चुका है। अगस्त 2014 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अंपायरों ने उनके संदिग्ध एक्शन की रिपोर्ट आईसीसी से की थी, जिसके बाद परीक्षण में भी उनका एक्शन अवैध पाया गया।
आईसीसी ने सितंबर 2014 में अजमल के एक्शन को अवैध पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने से बैन कर दिया। जांच के दौरान उनका हाथ निर्धारित 15 डिग्री से अधिक मुड़ता पाया गया था। जिसके बाद वह 2015 वर्ल्ड कप खेलने से चूक गए थे।
उस्मान तारिक के संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के लिए अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का दरवाजा खटखटा सकता है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 बेहद करीब है और अगर तारिक का एक्शन अवैध पाया गया तो उन्हें गेंदबाजी करने से बैन भी किया जा सकता है।