क्रिकेट

INDW vs BANW: वूमेंस एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश से होगी टीम इंडिया की टक्कर, जानें कब और कहां देखें लाइव

Women Asia Cup 2026 के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना बांग्लादेश से होगा। UAE को 34 रन से हराकर बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे।
2 min read
Sep 09, 2026
Women Asia Cup 2026, India vs Bangladesh
भारत बनाम बांग्लादेश (फोटो- IANS)

Women's Asia Cup 2026, IND vs BAN: वूमेंस एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल की टीमें तय हो गई हैं। भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। मंगलवार की रात को खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश वूमेंस क्रिकेट टीम ने UAE को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में बचा आखिरी स्थान हासिल कर लिया और गुरुवार को उसका सामना 7 बार की चैंपियन टीम इंडिया से होगा।

बांग्लादेश ने 103 रन को किया डिफेंड

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 103 रन बनाए। जवाब में UAE की टीम 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 69 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 34 रन पीछे रह गई। यह वूमेंस एशिया कप का 10वां संस्करण खेला जा रहा है, जहां 9 में भारतीय टीम फाइनल में पहुंची है, जबकि बांग्लादेश की टीम एक ही बार फाइनल खेली और उसमें भी चैंपियन रही है।

वूमेंस एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा, जो दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा, जिसे सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क्स और डीडी फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स टीवी चैनल पर लाइव देखा जा सकता है। इसके अलावा सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क्स पर भी इस मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।

जानें दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

भारत और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच अब तक 24 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 21 बार टीम इंडिया को जीत मिली है और 3 बार बांग्लादेश ने जीत हासिल की है। इन 3 में से 2 जीत बांग्लादेश को एशिया कप में ही मिली है। 2018 एशिया कप में बांग्लादेश ने टीम इंडिया को दो बार शिकस्त दी, जिसमें फाइनल मुकाबला भी शामिल है।

वूमेंस एशिया कप के लिए बांग्लादेश

दिलारा एक्टर, शर्मिन अख्तर, जुएरिया फ़िरदौस, सोभना मोस्टोरी, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शोर्ना एक्टर, रबेया खान, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून, मारुफ़ा एक्टर, फाहिमा खातून, रितु मोनी, फरजाना इस्मिन, शांजिदा एक्टर, मेघला और सरमीन सुल्ताना।

वूमेंस एशिया कप के लिए टीम इंडिया

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, राधा यादव और गुनालन कमलिनी।

Updated on:
09 Sept 2026 07:57 am
Published on:
09 Sept 2026 07:57 am