क्रिकेट

INDW vs SLW: फाइनल में श्रीलंका तोड़ेगी टीम इंडिया का सपना? फाइनल से पहले श्रीलंकाई कप्तान ने भरी हुंकार

Women's Asia Cup 2026 के फाइनल से पहले श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापट्टू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर टीम अपनी योजना को सही तरीके से लागू करती है तो वह फाइनल में किसी भी विरोधी को हरा सकती है।
2 min read
Sep 12, 2026
Chamari Athapaththu and Harmanpreet Kaur
श्रीलंका की महिला क्रिकेटर चमारी अट्टापट्टू और भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (Photo Credit - IANS)

India Women vs Sri Lanka Women: वूमेंस एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में 7 बार की चैंपियन भारतीय टीम का सामना डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका से होगा। दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अजेय है। 13 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में किसी एक टीम का अजेय अभियान खत्म होगा और साथ ही नई एशियन टीम का भी फैसला होगा। इस मुकाबले से पहले श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापट्टू ने कहा कि उनकी टीम दुनिया की किसी भी टीम को हरा सकती है।

खिलाड़ियों पर कप्तान को भरोसा

फाइनल से पहले श्रीलंका की कप्तान ने कहा, "टीम की ताकत उन खिलाड़ियों में है, जो हालात के मुताबिक जिम्मेदारी लेने में सक्षम हैं।" सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ दबाव की स्थिति से निकलते हुए जीत दर्ज करने के बाद चमारी अथापट्टू ने कहा कि उनकी टीम में इतनी गहराई और धैर्य है कि वे वूमेंस एशिया कप फाइनल में किसी भी विरोधी टीम को हरा सकती है। कप्तान विशेष तौर पर अपनी टीम के युवा खिलाड़ियों से प्रभावित नजर आईं।

उन्होंने कहा, "हमारे पास हर्षिता, नीलाक्षिका, कविशा जैसे अच्छे फिनिशर हैं। ज्यादातर खिलाड़ी बहुत अच्छा खेल रहे हैं, गेंदबाजी यूनिट भी अच्छा कर रही है। अगर हम फाइनल में अपनी योजना को लागू कर पाते हैं, तो मुझे लगता है कि हम किसी भी टीम को हरा सकते हैं। हमने बल्लेबाजी और गेंदबाजी अच्छी की। युवाओं का प्रदर्शन शानदार रहा। फील्डिंग के दौरान हमारे कुछ कैच छूटे। हमें क्षेत्ररक्षण में काम करने की जरूरत है।"

रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को दी शिकस्त

शुक्रवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 130 रन बनाए थे। सर्वाधिक 47 रन कप्तान फातिमा सना ने बनाए।

131 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी श्रीलंका ने 5 रन पर 2 और 33 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हर्षिता (36) और कविशा (33) ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर टीम की मैच में वापसी कराई और स्कोर 100 तक पहुंचा दिया। इसके बाद नीलाक्षी डे सिल्वा ने नाबाद 18 और कुशानी ने नाबाद 10 रन बनाकर श्रीलंका का स्कोर 18.4 ओवर में 6 विकेट पर 134 तक पहुंचा दिया और 4 विकेट से जीत दिलाते हुए फाइनल का टिकट दिला दिया। श्रीलंका ने 2024 में हुए एशिया कप फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराया था।

Updated on:
12 Sept 2026 12:42 pm
Published on:
12 Sept 2026 12:42 pm