
IND W vs PAK W: वूमेंस एशिया कप 2026 के नौवें मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंद डाला। इस शर्मनाक हार के बावजूद पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। भारत और पाकिस्तान की टीमें ग्रुप ए में हैं और साथ में थाईलैंड और हांगकांग की टीमें भी हैं। भारतीय टीम ने तीनों मुकाबले जीत लिए हैं और पहले ही सेमीफाइनल के लिए जगह पक्की कर चुकी है। तो वहीं पाकिस्तान की टीम ने दो मुकाबले खेले हैं और थाईलैंड को हराया है, जिसकी वजह से उसका नेट रन रेट अभी भी थाईलैंड और हांगकांग से बेहतर है।
थाईलैंड ने अपने पहले मुकाबले में हांगकांग को हराया था, लेकिन भारत और पाकिस्तान से हार गई थी, जिसकी वजह से वह तीसरे स्थान पर है। हांगकांग की टीम दो मैच खेल चुकी है और दोनों गंवा दिए हैं। इस दौरान थाईलैंड को भारतीय टीम से बड़ी हार का ज्यादा नुकसान हुआ है, जिसकी वजह से उसे नेटरन रेट का तगड़ा नुकसान हुआ। यही वजह है कि पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने की राह आसान लग रही है।
पाकिस्तान के सेमीफाइनल पहुंचने का समीकरण इसलिए साफ है, क्योंकि उसे आखिरी मुकाबला हांगकांग से खेलना है और पाकिस्तान बहुत बड़े अंतर से नहीं हारती है, तो भी वह अंतिम चार में पहुंच जाएगी। हालांकि हांगकांग का प्रदर्शन देख लग नहीं रहा कि वह पाकिस्तान के सामने ज्यादा मुश्किल पेश कर पाएगी। दूसरी ओर, ग्रुप बी में श्रीलंका ने दोनों मैच जीतकर लगभग सेमीफाइनल का टिकट कंफर्म कर लिया है। बांग्लादेश और यूएई ने एक-एक मैच जीते हैं और दोनों के बीच दूसरे स्पॉट के लिए रेस जारी है, जबकि इंडोनेशिया तीनों मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
पाकिस्तान को आखिरी मुकाबला 7 सितंबर को हांगकांग से खेलना है। वूमेंस एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को और दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को होगा। दोनों मुकाबले भारतीय समय अनुसार रात 8:00 बजे से शुरू होंगे, जिन्हें सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर लाइव देखा जा सकता है। इसके अलावा, यह मैच डीडी फ्री डिश के डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा।
इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का हमेशा दबदबा रहा है। 9 में से सात बार भारतीय टीम ने खिताब जीता है, तो एक बार श्रीलंका और एक बार बांग्लादेश ने ट्रॉफी उठाई है। पाकिस्तान की टीम दो बार फाइनल में जरूर पहुंची है, लेकिन दोनों बार उसे भारतीय टीम से हार का सामना करना पड़ा है।