
England W vs Australia W Final: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। ऑस्ट्रेलिया की टीम 8वीं बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। अब तक 9 वूमेंस टी20 वर्ल्डकप के फाइनल आयोजित हो चुके हैं। इनमें सिर्फ दो बार ऐसा हुआ है, जब ऑस्ट्रेलिया की टीम फाइनल में जगह नहीं बना पाई। पहली बार 2009 में खेले गए पहले टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड ने जगह बनाई थी, जबकि दूसरी बार 2024 में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका फाइनल में पहुंचे थे।
ऑस्ट्रेलिया ने अपने 6 टी20 वर्ल्ड कप खिताबों में से 3 बार इंग्लैंड को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया है। पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत 2012 में कोलंबो में हुई थी। उस रोमांचक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 4 रन से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की थी।
इसके बाद 2014 में एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड फाइनल में आमने-सामने हुए। ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में इंग्लैंड को हराकर लगातार तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। 2016 में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा वेस्टइंडीज ने खत्म किया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए फाइनल में वेस्टइंडीज ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
इसके बाद अगले तीन संस्करणों में ऑस्ट्रेलिया लगातार फाइनल में पहुंची। 2018 में उसने इंग्लैंड को हराया, जबकि 2020 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम को 85 रन से मात दी। वहीं, 2023 में खेले गए वर्ल्ड कप के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई।
2024 के टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया की टीम सेमीफाइनल से आगे नहीं बढ़ सकी थी, लेकिन इस बार वह अब तक अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है। अब 5 जुलाई को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर उसका सामना मेजबान इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड की टीम आज तक वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को नहीं हरा पाई है। ऐसे में अपने घरेलू मैदान पर वह इतिहास बदलने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।