क्रिकेट

Women’s T20 World Cup 2026 में हुआ उलटफेर, डिफेंडिंग चैंपियन बाहर, ग्रुप B से 2 टीमों को मिल गया सेमीफाइनल का टिकट

Women's T20 World Cup 2026 में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर इतिहास रच दिया और टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। हालांकि बेहतर नेट रन रेट की बदौलत वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में पहुंच गई। वहीं आज भारत, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के मुकाबलों से ग्रुप ए की तस्वीर भी साफ हो जाएगी।
2 min read
Jun 28, 2026
ENG W vs NZ W
न्यूजीलैंड को इंग्लैंड ने हराया (फोटो- IANS)

Women's T20 World Cup 2026: वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां आयरलैंड ने इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्डकप में अपनी पहली जीत दर्ज की। आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल का समीकरण ही बदल दिया। इस हार के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम बेहतर नेट रनरेट के दम पर सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही।

6 विकेट से वेस्टइंडीज को हराया

इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। 129 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आयरलैंड ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

आयरलैंड की जीत के बाद यह समीकरण बन गया था कि अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता तो वह इंग्लैंड के साथ सेमीफाइनल में पहुंच सकता था। लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही उसकी सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो गईं।

वेस्टइंडीज को मिला सेमीफाइनल टिकट

अब ग्रुप बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इंग्लैंड ने सभी पांच मुकाबले जीतकर 10 अंक हासिल किए और ग्रुप में शीर्ष स्थान पर रहा। वहीं वेस्टइंडीज ने 5 मैचों में 6 अंक जुटाए और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर अंतिम चार में जगह बनाई।

श्रीलंका ने भी 5 मैचों में 6 अंक हासिल किए, लेकिन उसका नेट रन रेट वेस्टइंडीज से खराब रहा, जिसके कारण वह तीसरे स्थान पर रही और सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। न्यूजीलैंड 4 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड ने एक-एक जीत के साथ क्रमशः पांचवां और छठा स्थान हासिल किया।

अब स्कॉटलैंड और आयरलैंड को अगले वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए क्वालीफायर खेलना पड़ेगा। आपको बता दें कि वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2028 की मेजबानी पाकिस्तान करेगा। मेजबान होने के कारण पाकिस्तान को सीधे प्रवेश मिलेगा, जबकि स्कॉटलैंड और आयरलैंड को क्वालीफिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।


टीम
मैचजीतहारअंकनेट रन रेट
इंग्लैंड (Q)55010+2.134
वेस्टइंडीज (Q)5326-0.147
श्रीलंका (E)5326-0.725
न्यूजीलैंड (E)5234-0.118
स्कॉटलैंड (E)5142-0.232
आयरलैंड (E)5142-0.875

ग्रुप A में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया

ग्रुप ए की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया फिलहाल पहले स्थान पर है, जबकि भारत दूसरे, साउथ अफ्रीका तीसरे और बांग्लादेश चौथे स्थान पर मौजूद है। पाकिस्तान पांचवें और नीदरलैंड्स छठे स्थान पर है। नीदरलैंड्स को अगले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफायर खेलना होगा। टूर्नामेंट की शीर्ष 8 टीमों को वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2028 में सीधे प्रवेश मिलेगा। इनमें ऑस्ट्रेलिया, भारत, साउथ अफ्रीका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और पाकिस्तान शामिल हैं। पाकिस्तान को मेजबान होने के नाते सीधी एंट्री मिलेगी।

आज 2 टीमों को मिल जाएगा टिकट

आज ग्रुप ए के दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। एक मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे मैच में साउथ अफ्रीका का सामना बांग्लादेश से होगा। अगर बांग्लादेश साउथ अफ्रीका को हरा देता है तो भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से हारने के बावजूद भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है।

टीममैचजीतहारअंकनेट रन रेट
ऑस्ट्रेलिया4408+4.724
भारत4316+2.268
साउथ अफ्रीका4316+0.734
बांग्लादेश4224-0.849
पाकिस्तान (E)5142-1.872
नीदरलैंड्स (E)5050-3.276