
ICC Women's T20 World Cup 2026 Prize Money: आईसीसी वूमेंस टी20 वर्ल्डकप 2026 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर सातवीं बार खिताब जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 150 रन बनाए। 151 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने 17.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेथ मूनी ने 64 रन की शानदार पारी खेली तो फोएब लिचफील्ड ने 48 रन बनाए।
इस जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया को इनामी राशि के तौर पर लगभग 22.28 करोड़ रुपये मिले। वहीं, हारने के बावजूद इंग्लैंड की टीम को 11.13 करोड़ रुपये मिले।
आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान का टूर्नामेंट अच्छा नहीं रहा था। दोनों टीमें पहले ही राउंड से बाहर हो गई थीं और दोनों एक ही ग्रुप में थीं। भारतीय टीम अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रही, जबकि पाकिस्तान को पांचवें स्थान पर रहना पड़ा। भारतीय टीम को लगभग 3 करोड़ 35 लाख रुपये मिले, जबकि पाकिस्तान की टीम को 2 करोड़ 64 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका की टीमें सेमीफाइनल में हार गई थीं और इन दोनों टीमों को 6.42 करोड़ रुपये इनामी राशि के तौर पर मिले।
इस टूर्नामेंट में 12 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिन्हें दो अलग-अलग ग्रुप में बांटा गया था। हर ग्रुप से दो-दो टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जबकि दोनों ग्रुप से चार-चार टीमों को टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली हर टीम को लगभग 2,41,500 डॉलर प्राइज मनी मिली। वहीं, ग्रुप स्टेज में हर मैच जीतने पर टीम को अतिरिक्त 31,154 डॉलर दिए गए।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में तीन मुकाबले जीते थे, जिसकी वजह से उसे पाकिस्तान से ज्यादा इनामी राशि मिली। वहीं, पाकिस्तान की टीम पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच जीत सकी थी। उसने नीदरलैंड्स को 37 रन से हराया था। एक जीत की वजह से पाकिस्तान को भागीदारी राशि के अलावा मैच जीतने का बोनस भी मिला, जिसके बाद उसकी कुल इनामी राशि लगभग 2 करोड़ 64 लाख रुपये हो गई।
टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए से भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की टीमें बाहर हो गई थीं। वहीं, ग्रुप बी से श्रीलंका, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की टीमें भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं।