क्रिकेट

वर्ल्डकप 2027 की सेमीफाइनलिस्ट को लेकर भविष्यवाणी, भारत-ऑस्ट्रेलिया सहित इन 4 टीमों के नाम पर दिग्गज ने लगाई मुहर

ICC Cricket World Cup 2027 के सेमीफाइनलिस्ट को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने टॉप 4 से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को बाहर रखा है।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
World Cup 2026 top 4 team prediction
वर्ल्डकप 2027 (फोटो- Cricket World Cup 2027)

ICC Cricket World Cup 2027 Prediction: आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्डकप 2027 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच ने भविष्यवाणी की है। उन्होंने चार टीमों के नाम बताए हैं, जो उनके मुताबिक सेमीफाइनल में जगह बनाने की दावेदार हो सकती हैं। फिंच ने अपनी पसंदीदा टीमों में भारत, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को शामिल किया है। उन्होंने अपनी इस लिस्ट में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को जगह नहीं दी है।

सेमीफाइनल से चूक गया था पाकिस्तान

वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रही थी और सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई थी। वहीं, न्यूजीलैंड ने अंतिम चार में जगह बनाई थी, लेकिन उसे सेमीफाइनल में भारतीय टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

भारतीय टीम ने आखिरी बार 2011 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। इसके बाद 2015 और 2019 के टूर्नामेंट्स में अंतिम चार में जगह बनाई थी। 2023 में भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने उसे छह विकेट से हरा दिया था।

9 में से 5 सेमीफाइनल खेल चुका है साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका की टीम ने पिछले 9 में से 7 वर्ल्ड कप के नॉकआउट तक पहुंचकर अपनी चुनौती पेश की है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 9 सेमीफाइनल और 2 वर्ल्डकप के फाइनल खेल चुकी है। 2019 में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद इंग्लैंड की टीम 2023 में शर्मनाक प्रदर्शन की वजह से 7वें स्थान पर रही थी। हालांकि, आरोन फिंच को उम्मीद है कि इंग्लैंड की टीम आगामी टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है।

आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 का आयोजन साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होना है। दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में मेजबान टीम को घरेलू मैदान का फायदा मिल सकता है, जबकि ऑस्ट्रेलिया, भारत और इंग्लैंड जैसी टीमों के प्रदर्शन पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

1992 में इमरान खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने इकलौता वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। टीम 1999 में फाइनल तक भी पहुंची थी। 2011 में पाकिस्तान अंतिम चार में पहुंची थी तो 2015 में क्वार्टरफाइनल में सफर समाप्त हो गया था। उसके बाद से टीम का लचर प्रदर्शन जारी है। शायद यही वजह है कि आरोन फिंच पाकिस्तान को टॉप 4 लायक नहीं समझते हैं।

Updated on:
09 Oct 2026 11:56 am
Published on:
09 Oct 2026 11:33 am