क्रिकेट

WPL 2025 Auction: डिएंड्रा डॉटिन, सिमरन शेख, जी कमलिनी और प्रेमा रावत बनीं करोड़पति

WPL 2025 Auction: पांच टीमों ने कुल 9.05 करोड़ रुपए खर्च कर 19 खिलाड़ियों को साइन किया।

3 min read

WPL 2025 Auction: महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2025 की नीलामी बेंगलुरु में रविवार करीब ढाई घंटे तक चली, जिसमें 5 टीमों ने कुल 9.05 करोड़ रुपए खर्च कर 19 खिलाड़ियों को साइन किया। वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन, मुंबई की बल्लेबाज सिमरन शेख, भारत की अंडर-19 विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी और प्रेमा रावत को रविवार को यहां WPL 2025 खिलाड़ी नीलामी में मोटी रकम मिली है।

नीलामी में सिमरन शेख सबसे महंगी बिकी

नीलामी की बड़ी कहानी सिमरन शेख जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए डील रही है। जिन्हें गुजरात जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को पछाड़कर 1.90 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा। WPL 2023 में यूपी वारियर्स के साथ खेलने वाली सिमरन सीनियर महिला टी-20 ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई की सदस्य थीं और चैलेंजर ट्रॉफी जीतने वाली इंडिया-ई टीम की सदस्य थीं।

डिएंड्रा डॉटिन सबसे महंगी विदेशी खिलाड़ी

50 लाख रुपए के बेस प्राइस वाली केवल तीन खिलाड़ियों में से एक वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन को हासिल करने के लिए गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स के बीच कड़ी टक्कर हुई। इसमें गुजरात जायंट्स टीम उन्हें 1.70 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ने में सफल रही।

मुंबई ने कमलिनी पर 1.60 करोड़ रुपए खर्च किए

अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान पर भारत की नौ विकेट की जीत में नाबाद 44 रन बनाने वाली दमदार खिलाड़ी जी कमलिनी को हासिल करने के लिए मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली लगाई और उन्हें 1.60 करोड़ रुपए में साइन किया। उनका बेस प्राइस महज 10 लाख रुपए था। मुंबई इंडियंस ने नीलामी से पहले ट्रायल के दौरान कमलिनी पर एक नजर डाली थी। मदुरै की रहने वाली 16 वर्षीय कमलिनी चेन्नई में सुपर किंग्स अकादमी में प्रशिक्षण लेती हैं और आठ मैचों में 311 रन बनाकर सुर्खियों में आईं थी, क्योंकि तमिलनाडु ने अक्टूबर में अंडर-19 महिला टी20 ट्रॉफी जीती थी। वह यास्तिका भाटिया के बाद मुंबई की दूसरी विकेटकीपर-बल्लेबाज विकल्प होंगी।

प्रेमा रावत पर RCB के 1.2 करोड़ रुपए खर्च

नीलामी में बड़ी रकम पाने वाली अन्य उल्लेखनीय अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी उत्तराखंड की ऑलराउंडर प्रेमा रावत है। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 1.2 करोड़ रुपए में खरीदा था। उनकी बेस प्राइस 10 लाख रुपए थी। लेग स्पिन गेंदबाजी करने वाली प्रेमा ने इस साल मसूरी थंडर्स को उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) का पहला खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

नंदिनी 10 लाख में दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ीं

हालांकि दिल्ली कैपिटल्स कमलिनी को खरीदने से चूक गए। हालाकि वे उत्तराखंड की विकेटकीपर नंदिनी कश्यप को हासिल करने में सफल रहे, जिन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 के लिए पहली बार भारत की ओर से बुलावा आया है। उनका बेस प्राइस 10 लाख रुपए था और उन्हें इसी प्राइस पर साइन किया। इस घरेलू सत्र में उत्तराखंड के लिए खेलते हुए नंदिनी सीनियर महिला T20 चैलेंजर ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं और सीनियर महिला T20 ट्रॉफी में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी थीं। वह तानिया भाटिया के बाद टीम में दिल्ली कैपिटल्स की दूसरी विकेटकीपर होंगी।

एन चरनी को दिल्ली कैपिटल्स ने किया साइन

दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच भारत की अनकैप्ड लेफ्ट-आर्म स्पिन ऑलराउंडर एन चरनी को हासिल करने की होड़ भी थी। दिल्ली ने उन्हें 55 लाख रुपए में अपने साथ जोड़ लिया। मुंबई इंडियंस ने दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर नादिन डी क्लार्क को भी 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। पांचों टीमों को अब आगामी त्वरित नीलामी दौर के माध्यम से अपने शेष स्थान पूरे करने का मौका मिलेगा।

Also Read
View All

अगली खबर