क्रिकेट

WPL 2025 खिताब जीतने वाली टीम पर बरसेंगे करोड़ों तो हारने वाली भी होगी मालामाल, जानें किसे मिलेगी कितनी प्राइज मनी

WPL 2025 Prize Money: WPL 2025 का फाइनल दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे खेला जाएगा।

2 min read
Mar 15, 2025

WPL 2025 Prize Money: महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल शनिवार (15 मार्च) को दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स ने जहां टेबल टॉपर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई है, वहीं मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मुकाबले में गुजरात जायंट्स को हराकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।

अब मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 8 बजे दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच महिला प्रीमियर लीग 2025 का फाइनल खेला जाएगा। वैसे यह पहली बार नहीं बल्कि दूसरी बार होगा, जब दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबले में रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी। वैसे दिल्ली कैपिटल्स एक मात्र टीम है, जिसने WPL के तीनों संस्करणों के फाइनल में जगह बनाई है।

मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के उद्घाटन संस्करण (2023) में दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में हराया था, ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के पास खिताबी मुकाबले में हिसाब बराबर करने का मौका है। वैसे भी दिल्ली कैपिटल्स मौजूदा संस्करण में अब तक मुंबई इंडियंस से दो बार भिड़ी हैं और दोनों ही बार जीत हासिल करने में सफल रही है। इस लिहाज से दोनों टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत सिर्फ खिताबी मुकाबले को ही लेकर ही नहीं, बल्कि प्राइज मनी को लेकर भी होगी।

पिछले सीजन की बात करें तो गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली थी, जबकि रनरअप रही दिल्ली कैपिटल्स को 3 करोड़ रुपए मिले थे। मौजूदा महिला प्रीमियर लीग 2025 के लिए अब तक प्राइज मनी को लेकर आधिकारिक तौर पर ऐलान नहीं किया गया है। ऐसे में उम्मीद है कि पिछली बार की तरह इस बार इतनी ही प्राइज मनी होगी। वहीं, आरेंज कैप और पर्पल कैप के विजेता को एक ट्रॉफी के साथ-साथ 5 लाख रुपए दिए जाते हैं।

Also Read
View All

अगली खबर