
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर। (फोटो सोर्स: IANS)
PBKS vs LSG: प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली के बीच 182 रन की साझेदारी के दम पर पंजाब किंग्स ने रविवार को न्यू चंडीगढ़ में आईपीएल 2026 के 29वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 54 रन से जीत दर्ज की। मैच जीतने के बाद कप्तान अय्यर बेहद खुश नजर आए। उन्होंने खुलासा किया कि वह प्रियांश और कोनोली को यह नहीं बताते कि उन्हें अपनी पारी कैसे खेलनी है। हालांकि उन्होंने इन दोनों बल्लेबाजों को चैलेंज किया है कि इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के कौन मारेगा?
जीत के बाद श्रेयस अय्यर ने कप्तान के तौर पर टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बल्लेबाजों ने असाधारण खेल दिखाया और कुछ शॉट्स तो हैरान कर देने वाले थे। उन्होंने कहा कि ऐसे शॉट खेलने के लिए काफी साहस और संयम की जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि मैं कूपर और प्रियांश से बात कर रहा था, हम एक-दूसरे को चैलेंज दे रहे थे कि इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के कौन मारेगा, वे इसके लिए तैयार हैं।
श्रेयस ने कहा कि जब आप उन्हें बस उनके हिसाब से खेलने देते हैं, उन्हें मैदान पर जाकर खुद को खुलकर जाहिर करने देते हैं, तो वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं। मैं उन्हें यह नहीं बताता कि उन्हें अपनी पारी कैसे खेलनी है? उनका अपना एक तय रूटीन और तरीका है। रिकी पोंटिंग मैच से पहले उनसे बात करते हैं और मैं भी अपनी राय दे देता हूं, बस इतना ही।
वहीं, अपनी बॉलिंग यूनिट पर अय्यर ने कहा कि टीम के ज्यादातर गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं और उनका प्रदर्शन खुद सब कुछ बयां करता है। उनके अनुसार सफलता का राज सिर्फ सही निष्पादन है। कप्तान का कहना है कि जब भी टीम विकेट को देखकर अपनी योजना बनाती है, तो उससे खिलाड़ियों को काफी आत्मविश्वास और संतोष मिलता है।
आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो अब तक खेले गए 29 मैचों के बाद रजत पाटीदार 22 छक्कों के साथ शीर्ष पर है। वहीं, प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी 20-20 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। अभिषेक शर्मा 17 छक्कों के साथ तीसरे पायदान पर हैं तो कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर और टिम डेविड 14-14 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 7 विकेट खोकर 254 रन बनाए। प्रियांश आर्य ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रन की शानदार साझेदारी हुई। कूपर 46 गेंदों में 7 छक्कों और 8 चौकों के साथ 87 रन बनाए, जबकि प्रियांश ने 37 गेंदों में 9 छक्कों और 4 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेली।
इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर सिर्फ 200 रन बना सकी। इस पारी में कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रन की पारी खेली, जबकि एडेन मार्करम ने 42 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इनके अलावा, मिचेल मार्श ने 40 रन जुटाए।
Updated on:
20 Apr 2026 08:14 am
Published on:
20 Apr 2026 08:01 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
