क्रिकेट

WTC Final की रेस से इंग्लैंड के साथ ये 2 टीमें भी हुईं बाहर, भारत-न्यूजीलैंड अभी भी कर सकते हैं क्वालीफाई

WTC 2027 Final Scenario: वेस्टइंडीज से हार के बाद पाकिस्तान WTC 2027 फाइनल की रेस से बाहर हो गया है। वहीं, जीत के बावजूद वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की उम्मीदें भी खत्म हो चुकी हैं, जबकि भारत और बांग्लादेश अभी भी दौड़ में बने हुए हैं।
2 min read
Jul 29, 2026
WTC 2025-27 Points Table before IND vs SL Tests
भारतीय टेस्‍ट टीम। (फोटो सोर्स: IANS)

WTC 2027 Final Scenario: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में हार के बाद पाकिस्तान की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027 के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गई हैं। वहीं, जीत के बावजूद वेस्टइंडीज का सपना भी टूट चुका है। इसके अलावा इंग्लैंड भी WTC 2027 के फाइनल में जगह नहीं बना पाएगा।

ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं सबसे ज्यादा मैच

आपको बता दें कि इस साइकिल में ऑस्ट्रेलिया 87.50 प्रतिशत जीत के साथ सबसे आगे है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका ने 75 प्रतिशत और न्यूजीलैंड ने 72.22 प्रतिशत मुकाबले जीते हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस बार श्रीलंका, इंग्लैंड और भारत जैसी मजबूत टीमों से अंक तालिका में बांग्लादेश आगे है। बांग्लादेश की भी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं। बांग्लादेश ने 4 मैच खेले हैं, जिसमें 2 जीते हैं और 1 ड्रॉ रहा है। उसके 28 अंक हैं और जीत प्रतिशत 58.33 है।

टीम इंडिया के पास 9 मैच और

वहीं, अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने 9 में से 4 मैच जीते हैं, 4 हारे हैं और 1 ड्रॉ खेला है। उसके 52 अंक हैं और जीत प्रतिशत 48.15 है। टीम इंडिया को इस साइकल में 9 मैच और खेलने हैं। श्रीलंका और न्यूजीलैंड दौरे पर 2-2 मैचों की सीरीज के बाद उसे अपने घर पर ऑस्ट्रेलिया के साथ 5 मैच खेलने हैं, जो फाइनल में जगह बनाने के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण होने वाला है।

कैसे बाहर हुईं पाकिस्तान और इंग्लैंड?

इंग्लैंड 13 मुकाबले खेल चुका है और उसने सिर्फ 4 में जीत हासिल की है। अगर इंग्लैंड अपने बचे हुए सभी मुकाबले भी जीत लेता है, तब भी वह अधिकतम चौथे स्थान तक ही पहुंच पाएगा। वहीं, वेस्टइंडीज अगर अपने बचे हुए सभी मैच जीत भी लेती है, तब भी वह अधिकतम छठे स्थान तक ही पहुंच पाएगी। दूसरी ओर, पाकिस्तान को इस WTC साइकिल में अभी 8 टेस्ट मैच और खेलने हैं, लेकिन वह सभी 8 मुकाबले जीतने के बावजूद फाइनल में जगह नहीं बना पाएगा। हालांकि, वह अधिकतम तीसरे स्थान तक पहुंच सकता है।

फिलहाल ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की दावेदारी सबसे मजबूत नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया ने 8 में से 7 मैच जीते हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका ने 4 में से 3 और न्यूजीलैंड ने 6 में से 4 मुकाबले जीते हैं। हालांकि, भारतीय टीम ने भी 4 मैच जीते हैं, लेकिन 4 मुकाबले गंवाने की वजह से वह फिलहाल रेस में थोड़ा पीछे है। इसके बावजूद बचे हुए 9 मैच जीतकर भारतीय टीम फाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकती है। टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। उससे पहले उसे न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ 2-2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।