क्रिकेट

IPL 2026 में नहीं खेलेगा ये स्टार खिलाड़ी, फिर भी RCB करेगी करोड़ों का पेमेंट, जानें पूरा मामला

RCB on Yash Dayal: यश दयाल IPL 2026 के लिए आरसीबी की टीम का हिस्सा नहीं होंगे, लेकिन अभी भी फ्रेंचाइजी के साथ कॉन्ट्रैक्ट में रहेंगे। फ्रैंचाइजी के डायरेक्‍टर मो बोबाट ने यह जानकारी दी है।
2 min read
Mar 24, 2026
RCB on Yash Dayal
RCB (Photo- IANS)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के क्रिकेट डायरेक्टर मो बोबाट ने मंगलवार 24 मार्च को पुष्टि की कि यश दयाल आईपीएल 2026 के सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का हिस्सा नहीं होंगे। बोबाट ने बताया कि वह कुछ निजी कारणों से नहीं खेलेंगे, लेकिन बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज अभी भी फैंचाइजी के साथ कॉन्ट्रैक्ट में है। इसका मतलब ये है कि फ्रैंचाइजी दयाल को बगैर खेले ही 5 करोड़ रुपये का पूरा पेमेंट करेगी।

'...तब भी हमने उन्हें रिटेन किया'

बेंगलुरु में टूर्नामेंट से पहले हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोबाट ने बताया कि मैं बस यह पुष्टि करना चाहता हूं कि यश टीम में शामिल नहीं होंगे। जैसा कि आप जानते हैं, वह इस समय एक निजी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। मैं यह भी साफ कर देना चाहता हूं कि हमने अब तक यश का पूरा साथ दिया है। जब हमारे पास खिलाड़ियों को रिलीज करने का विकल्प भी था, तब भी हमने उन्हें रिटेन किया। हम उन्हें अपनी टीम में ही रखना चाहते हैं।

'हम उनसे लगातार संपर्क में'

उन्होंने आगे बताया कि वह अभी भी हमारे साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं और आने वाले कुछ समय तक वह हमारे साथ कॉन्ट्रैक्ट में ही रहेंगे। हम उनसे लगातार संपर्क में हैं और आज भी मैंने उनसे बात की थी। लेकिन, हमने यह फैसला किया है कि इस समय उनका आरसीबी में शामिल होना न तो उनके हित में है और न ही फ्रेंचाइजी के हित में है। हम इस समय इस मामले पर और कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

यश दयाल पर दो गंभीर दुर्व्यवहार के मामले

यहां साफ कर दें कि दयाल पर दो अलग-अलग राज्यों में दो गंभीर दुर्व्यवहार के मामले चल रहे हैं। इनमें एक नाबालिग के उत्‍पीड़न का मामला भी है। दयाल पर लगे आरोपों में कानूनी कार्यवाही चल रही है। जनवरी में ही राजस्थान हाईकोर्ट ने उन्हें एक मामले में जमानत दी थी। मामला अभी भी विचाराधीन है। उन्‍होंने फरवरी में दिल्ली की श्वेता पुंडीर से शादी की थी।

हेजलवुड भी टूर्नामेंट की शुरुआत में उपलब्‍ध नहीं

बता दें कि ऑस्‍ट्रेलियाई स्‍टार पेसर जोश हेजलवुड भी टूर्नामेंट की शुरुआत में उपलब्‍ध नहीं होंगे। यह ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज इस समय चोट (हैमस्ट्रिंग और अकिलीज़) से उबर रहा है, जिसकी वजह से वह एशेज और T20 विश्व कप में भी नहीं खेल पाए थे। बोबाट ने बताया कि टीम हेजलवुड की फिटनेस को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ लगातार संपर्क में है और उन्हें उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम में शामिल हो जाएंगे।

इन घरेलू गेंदबाजों को मिलेगा मौका

क्‍या दयाल की गैरमौजूदगी से दूसरे घरेलू गेंदबाजों को अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिलेगा? बोबाट ने इस पर कहा कि रासिक सलाम, मंगेश यादव और अभिनंदन सिंह जैसे विकल्प हमारे पास मौजूद हैं। उन्‍होंने कहा कि कई लोग जानते होंगे, पिछले साल रासिक रिहैब यूनिट में थे। फिर हमने इस नीलामी में मंगेश को भी साइन किया। घरेलू स्तर पर हमारे पास तीन बेहतरीन संभावित विकल्प हैं, जिन पर हम विचार कर रहे हैं।

Updated on:
24 Mar 2026 03:05 pm
Published on:
24 Mar 2026 03:05 pm