Yashasvi Jaiswal दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ 173 रन बनाकर खेल रहे हैं। आज उनके पास तीसरा दोहरा शतक बना चेतेश्वर पुजारा के रिकॉर्ड की बराबरी का मौका है। आइये जानते हैं अब तक भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट दोहरे शतक लगाने वाले खिलाड़ी कौन कौन से हैं।
Yashasvi Jaiswal Latest News: भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टेस्ट दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले के पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट के नुकसान पर 318 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए हैं। भारतीय कप्तान शुभमन गिल 20 तो यशस्वी जायसवाल 173 रन बनाकर खेल रहे हैं। आज दूसरे दिन 11 अक्टूबर को यशस्वी जायसवाल के पास दोहरा शतक जड़ने का गोल्डन चांस है। दोहरा शतक लगाते ही वह चेतेश्वर पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ देंगे और सबसे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में पुजारा के साथ संयुक्त रूप से छठे पायदान पर पहुंच जाएंगे। आइये आज आपको बताते हैं कि भारत के लिए सबसे ज्यादा दोहरे शतक का रिकॉर्ड किसके नाम दर्ज है?
भारत के लिए सबसे ज्यादा दोहरे टेस्ट शतक का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले कोहली के नाम सात दोहरे शतक दर्ज हैं और ये सभी अपनी कप्तानी के कार्यकाल के दौरान बनाए हैं। दरअसल, 2016 से 2017 के बीच उन्होंने लगातार चार दोहरे टेस्ट शतक जड़े थे।
कोहली के बाद भारत के लिए सबसे ज्यादा दोहरे टेस्ट शतक वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर दर्ज हैं। इन दोनों ने भी छह-छह दोहरे शतक लगाए हैं। सहवाग के दोहरे शतक अक्सर तूफानी होते थे, जिनमें से चार 250 से ज़्यादा के थे, जिनमें दो तिहरे शतक भी शामिल हैं। वहीं, तेंदुलकर के दोहरे शतक नियंत्रण के साथ आए। इसका सबसे अच्छा उदाहरण सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी 241* रन की पारी थी, जहां उन्होंने कोई कवर ड्राइव नहीं खेला।
भारत की दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ पांच दोहरे शतकों के साथ इस लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। इसमें उनकी रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ 12 घंटे से ज्यादा समय तक बल्लेबाजी करते हुए 270 रन की शानदार पारी भी शामिल है। इसके बाद पांचवें स्थान पर पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर हैं, जिन्होंने भारत के लिए 4 दोहरे शतक लगाए।
- विराट कोहली - 7
- वीरेंद्र सहवाग - 6
- सचिन तेंदुलकर - 6
- राहुल द्रविड़ - 5
- सुनील गावस्कर - 4
- चेतेश्वर पुजारा - 3
- विनोद कांबली - 2
- मयंक अग्रवाल - 2
- यशस्वी जायसवाल - 2
- दिलीप सरदेसाई - 2
- वसीम जाफर - 2
- वीनू मांकड़ - 2
- वीवीएस लक्ष्मण - 2
अब इस सूची में एक नया नाम उभरने लगा है। 23 वर्षीय यशस्वी जायसवाल इस समय दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ 173* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अपने छोटे से टेस्ट करियर में दो दोहरे शतक लगा चुके जायसवाल में बड़े रन बनाने की भूख साफ़ दिखाई देती है। अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहा, तो जायसवाल भारत के लिए सबसे ज्यादा दोहरे शतक का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।