टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद भी क्यों खतरे में है अभिषेक शर्मा का करियर? युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह ने लगाई जमकर क्लास। जानें क्यों कहा कि 'रील बनाने से फुर्सत मिले तो खेल पर ध्यान दोगे'!
Abhishek Sharma, Yuvraj Singh: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा इन दिनों चर्चा में हैं, लेकिन अपनी बैटिंग से ज्यादा योगराज सिंह (युवराज सिंह के पिता) की नाराजगी की वजह से। योगराज पाजी अभिषेक के हालिया प्रदर्शन और उनके रवैये से काफी खफा दिखे। उनका मानना है कि अभिषेक क्रिकेट को बहुत हल्के में ले रहे हैं। इस टी20 वर्ल्ड कप में अभिषेक का प्रदर्शन काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने कुल 7 से 8 मैच खेले, लेकिन सबसे हैरानी की बात यह रही कि वे तीन बार शून्य (डक) पर आउट हुए। योगराज सिंह का कहना है कि अगर आपका ध्यान खेल से हटकर 'रील्स' और 'पार्टियों' पर होगा, तो मैदान पर नाकामी ही हाथ लगेगी। उन्होंने साफ शब्दों में अभिषेक को चेतावनी दी है कि वे खेल की इज्जत करें, नहीं तो टीम में जगह बनाना मुश्किल हो जाएगा।
अभिषेक शर्मा ने अपनी पहली टी20 वर्ल्ड कप जीत तो हासिल कर ली, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर उनका प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। टूर्नामेंट की शुरुआत बहुत खराब रही, पहले राउंड में वो लगातार 3 बार जीरो (डक) पर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने खाता खोला और जिम्बाब्वे के खिलाफ एक अच्छी हाफ-सेंचुरी लगाकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए। फिर वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ वे सस्ते में आउट हो गए, जिससे उन्हें टीम से बाहर करने की बातें होने लगी थीं। हालांकि, फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में फिफ्टी जड़कर भारत की ऐतिहासिक जीत की नींव रखी।
योगराज सिंह का मानना है कि अभिषेक का ध्यान भटक रहा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, 'जब आपका दिमाग कहीं और होता है, तभी आप फेल होते हैं। शुभमन गिल और अभिषेक के साथ यही हो रहा है। अभिषेक आजकल घूम-घूम कर रील्स (Reels) बना रहा है, यह उसका काम नहीं है। उसे रात 9 बजे सो जाना चाहिए, सुबह 5 बजे उठना चाहिए और दिन में हजार गेंदें खेलनी चाहिए।'
अभिषेक हमेशा अपनी सफलता का श्रेय युवराज सिंह को देते हैं, लेकिन योगराज सिंह का कहना है कि अभिषेक अभी युवराज के करीब भी नहीं हैं। उन्होंने कहा, युवराज जैसा बनने में उन्हें सदियां लग जाएंगी।क्रिकेटर आजकल पार्टियों, लड़कियों, पैसों और शूटिंग के पीछे भाग रहे हैं, जो गलत है।
अभिषेक का स्ट्राइक रेट 190.46 का है, फिर भी योगराज सिंह उनके हर बॉल पर बड़े शॉट खेलने की आदत से खुश नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'मैं उससे बहुत चिढ़ा हुआ हूं। मैं उसे मैसेज भी करता हूं कि क्रिकेट को मजाक मत समझो। हर बॉल पर छक्का मारना और भीड़ का मनोरंजन करना ही सब कुछ नहीं है। आपको सिंगल-डबल लेना भी सीखना होगा, वरना आप फेल होते रहेंगे।'