
ZIM vs WI, Women 1st ODI Cricket: जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीमों के बीच गुरुवार को हरारे स्थित हरारे स्पोर्ट्स क्लब में वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 299 रन बनाए और जिम्बाब्वे को जीत के लिए 300 रन का लक्ष्य दिया।
वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की ओर से रियलियाना ग्रिमंड और कप्तान हेली मैथ्यूज पारी की शुरुआत करने उतरीं। दोनों ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 23.2 ओवर में 128 रन की साझेदारी की। रियलियाना ग्रिमंड 70 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुईं। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 1 छक्का लगाया।
इसके बाद हेली मैथ्यूज ने एक छोर संभालते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को खासा परेशान किया। हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें टीम की अन्य बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला।
स्टेफनी टेलर (2), विकेटकीपर बल्लेबाज शेमेन कैम्पबेल (13), चिनले हेनरी (19), जाहज़ारा क्लैक्सटन (2) और आलिया एलेने (1) ज्यादा देर तक जिम्बाब्वे के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकीं। इसके बावजूद कप्तान हेली मैथ्यूज ने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर प्रहार जारी रखा। उनके इस प्रयासों से वेस्टइंडीज टीम निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट पर 299 रन बनाने में सफल रही।
हेली मैथ्यूज ने 182 रन की पारी में 156 गेंदों का सामना किया, जिसमें 24 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वनडे क्रिकेट में यह हेली मैथ्यूज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले उन्होंने इसी साल जुलाई में आयरलैंड के खिलाफ नाबाद 159 रन की पारी खेली थी।
जिम्बाब्वे की फ्रांसिस्का चिपारे ने सबसे ज्यादा विकेट चटकाए। उन्होंने 10 ओवर में 5.70 की इकॉनमी से 57 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। उनके अलावा टेन्दई मकुशा, न्याशा ग्वांज़ुरा और बिलव्ड बिजा ने 1-1 विकेट लिया।
न्यूजीलैंड की अमेलिया केर (नाबाद 232 रन) और ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क (नाबाद 229 रन) के नाम महिला वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। अमेलिया केर ने जून 2018 में आयरलैंड के खिलाफ महिला वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया था। वहीं, बेलिंडा क्लार्क ने दिसंबर 1997 में डेनमार्क के खिलाफ यह कारनामा किया था।