क्राइम

कहीं जेल, कहीं जमीन… हर तरफ ठगी

जागरूकता अभियान के बाद भी लोग झांसे में आकर अपनी रकम गंवा रहे हैं। जनवरी से जुलाई 2026 तक 31 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
जागरूकता अभियान के बाद भी लोग झांसे में आकर अपनी रकम गंवा रहे हैं। जनवरी से जुलाई 2026 तक 31 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

CG CRIME NEWS : बालोद जिले में ठगी और धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जनवरी से जुलाई 2026 तक ही ऐसे 31 मामले दर्ज हुए हैं। पुलिस ने इनमें 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मामलों में जांच जारी है। जागरूकता अभियान के बावजूद लोग अलग-अलग तरह के झांसे में आकर अपनी रकम गंवा रहे हैं।

इस साल के प्रमुख ठगी के मामले

केस-1 : जेल से रिहाई के नाम पर ठगी

24 जनवरी 2026: बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोडरी (निपानी) में डोमार चंदेल ने साथी कैदी योगेश कुमार की मां से उसे जेल से रिहा कराने के नाम पर 75 हजार रुपए, बाइक और मोबाइल ले लिए। योगेश के जेल से रिहा होने पर ठगी का खुलासा हुआ।

केस-2 : फर्जी ऋण पुस्तिका से जमीन का सौदा

24 अप्रैल 2026: ग्राम लाटाबोड़ के एक किसान की 1 एकड़ 60 डिसमिल जमीन की फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर 15 लाख रुपए में सौदा किया गया और 1.50 लाख रुपए बयाना लिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेंद्र बहादुर सोनी को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें :

केस-3 : कैंसर ठीक करने के नाम पर 13.13 लाख ठगे

25 जुलाई 2026: टीवी विज्ञापन देखकर चौथे स्टेज के कैंसर से पीडि़त पति के इलाज के लिए तांत्रिक क्रिया कराने के झांसे में आई महिला से 13.13 लाख रुपए ठग लिए गए।

केस-4 : अधिक दाम का लालच देकर किसानों से अनाज ठगा

20 अगस्त 2026: गुरूर क्षेत्र के सोंहपुर और रमतरा के 25 किसानों से अधिक कीमत देने का झांसा देकर 10.79 लाख रुपए का चना व अन्य अनाज लिया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। पुलिस ने 21 अगस्त को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें :

केस-5 : 19 किसानों से 21.37 लाख की धान ठगी

अगस्त 2026: सनौद थाना क्षेत्र के बोहारा और डोटोपार के 19 किसानों से व्यापारी दीपक अग्रवाल उर्फ मयंक जैन ने 826 क्विंटल धान खरीदा, लेकिन 21.37 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया।

तीन साल में 135 मामले

वर्ष - ठगी के मामले - गिरफ्तार आरोपी
2024 - 52 - 94
2025 - 52 - 72
2026 (जुलाई तक) - 31 - 11

पुलिस की सलाह

  • अनजान कॉल, लिंक, लॉटरी और इनाम के झांसे में न आएं। ओटीपी या आधार संबंधी जानकारी साझा न करें।
  • जमीन खरीदने से पहले तहसील में मूल ऋण पुस्तिका, खसरा-खतौनी सहित दस्तावेजों की जांच करें।
  • चमत्कारी इलाज के विज्ञापनों पर भरोसा न करें और मान्यता प्राप्त अस्पताल में ही उपचार कराएं।
  • किसान फसल बेचते समय व्यापारी का लाइसेंस, मंडी रसीद और भुगतान की पुष्टि जरूर करें।
  • ठगी होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत करें।

कार्रवाई जारी

बालोद एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि जिले में दर्ज सभी ठगी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। कुछ मामलों में आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। लोगों से अपील है कि किसी के लालच या झांसे में न आएं।