
Attack on Sikhs In Pakistan: पाकिस्तान के पेशावर में शनिवार शाम को सिख युवक मनमोहन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। डॉन अखबार के मुताबिक, याकूत पुलिस स्टेशन के क्षेत्र में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने मनमोहन सिंह को निशाना बनाते हुए उन पर गोली चलाई और फरार हो गए।
शहर पुलिस की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, मनमोहन सिंह रिक्शे से अपने घर जा रहे थ। तभी गुलदारा इलाके में उन पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अफसरों ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू की।
2 दिन में सिखों पर दूसरा हमला
पेशावर के याकूत थानाक्षेत्र में 2 दिन के भीतर सिखों पर ये दूसरा हमला है। शुक्रवार एक सिख दुकानदार त्रिलोक सिंह पर बाइक पर आए हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया था। राहत की बात ये रही थी कि इस हमले में त्रिलोक सिंह बच गए थे। वहीं शनिवार को मनमोहन सिंह की जान चली गई। बता दें कि पाकिस्तान में सिखों की संख्या बेहद सीमित है। लाहौर और पेशावर में सिखों के कुछ परिवार रहते हैं। अल्पसंख्यक समुदाय यहां लगातार निशाने पर है।