
Ambikapur Crime News, धारदार हथियार के हमले में घायल महिला व डीएसपी की कार (Photo- Patrika)
अंबिकापुर। शहर के खैरबार रोड घुटरापारा में गुरुवार की रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद एक पक्ष के 4-5 लोगों मां-बेटे पर धारदार हथियार से हमला (Attack with Sharp Weapon) कर दिया। हमले में महिला व उसके नाबालिग बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग को आईसीयू में भर्ती किया गया है। हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घायल महिला ने मामले की शिकायत कोतवाली में की है। इधर रात करीब 10 बजे एसडीओपी ग्रामीण के साथ भी गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल युवकों ने मारपीट की। उन्होंने डीएसपी की कार में तोडफ़ोड़ भी की। इस मामले में पुलिस ने 6 युवकों को हिरासत में लिया है।
अंबिकापुर के खैरबार रोड घुटरापारा में गणेश प्रतिमा का विसर्जन कार्यक्रम किया जा रहा था। मोहल्ले में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इस दौरान महिला मंजू गुप्ता व उसके नाबालिग बेटे ने डीजे का साउंड (DJ sound) कम करने कहा तो उनपर आधा दर्जन महिला-पुरुषों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उन पर कैंची से हमला किया गया है।
हमले में महिला व उसका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। महिला के हाथ कट गया है, वहीं नाबालिग को गंभीर चोटें आई हैं। उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती (Serious injured) कर इलाज किया जा रहा है। मामले की रिपोर्ट घायल महिला ने कोतवाली में दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसके बेटे व उसपर गुड्डू गुप्ता समेत अन्य ने हमला किया है। उसने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
इधर सरगुजा जिले के दरिमा थाने में पदस्थ प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे (DSP Nishant Kurrey) के साथ भी गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल युवकों ने मारपीट की। युवकों ने उनके कार के शीशे तोडऩे के अलावा वाहन को भी नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि डीएसपी ड्यूटी से अंबिकापुर लौट रहे थे। इस दौरान अंबिकापुर-दरिमा मार्ग पर ग्राम कंठी के आस-पास गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने गांव के लोग जा रहे थे।
इस दौरान पूरा रास्ता जाम था। इसमें डीएसपी की गाड़ी भी फंस गई थी। जब उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों से साइड देने का तो वे डीएसपी से उलझ गए। फिर उन्होंने उनसे मारपीट शुरु कर दी। युवकों ने उनकी कार में भी तोडफ़ोड़ की। सूचना मिलते ही मणिपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 युवकों को हिरासत में लिया है।
Updated on:
25 Sept 2026 01:48 pm
Published on:
25 Sept 2026 01:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
