औरंगाबाद के देव गोदाम इलाके में नक्सलियों ने शुक्रवार की रात हमला दस वाहनों को आग के हवाले कर दिया
पटना। बिहार में एक बार फिर से नक्सलियों ने हमला किया है। बिहार के औरंगाबाद में नक्सलियों ने जमकर तांडव मचाया है। औरंगाबाद के देव गोदाम इलाके में नक्सलियों ने शुक्रवार की रात हमला दस वाहनों को आग के हवाले कर दिया। जिसमें चार बसें भी शामिल हैं। इतना ही नहीं नक्सिलयों ने गोलीबारी भी की। इस फायरिंग में नरेंद्र सिंह नामक शख्स की मौत हो गई। साथ ही करीब दस लोग घायल हुए हैं। मृतक नरेंद्र को एमएलसी राजन सिंह का चाचा बताया जा रहा है।
ट्रांसपोर्टर के घरों पर बोला हमला
खबरों के अनुसार, नक्सलियों ने ट्रांसपोर्टर के दो घरों पर नक्सलियों ने हमला किया। इस दौरान नक्सलियों ने गोलीबारी की, सौ से ज्यादा राउंड फायरिंग की खबर है। नक्सलियों ने ट्रांसपोर्टर की चार बसों समेत 10 वाहनों में आग लगा दी। इस हमले में एमएलसी राजन सिंह के चाचा नरेंद्र सिंह की मौत हो गई है और करीब दर्जनभर लोग जख्मी हुए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए हैं। गोलीबारी की खबर मिलने के बाद सीआरपीएफ और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने पांच वर्ष पहले भी हमला किया था। इस दौरान भी ट्रांसपोर्टर के घर पर खड़ी वाहनों में आग लगा दी गई थी। पहले भी अजीत सिंह नामक एक व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया था।