
चेन्नई। प्यार में नाकाम रहने पर एक प्रेमी ने ऐसा कदम उठाया, जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे। दरअसल चेन्नई के एक व्यक्ति ने पहले अपनी कलाई काटी और फिर इससे निकले खून से एक बोतल भरी। इस शख्स ने यह बोतल अपने दोस्तों को देते हुए इसे उसकी गर्लफ्रेंड तक पहुंचाने के लिए कहा। इस कहानी का अंत इस 36 वर्षीय शख्स की मौत से हुआ क्योंकि उसने इलाज करवाने से इनकार कर दिया था और अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने इस व्यक्ति की पहचान नंगनल्लूर निवासी 36 वर्षीय बढ़ई कुमारेसा पंडियन के रूप में की है। उन्होंने कहा कि पंडियन के अपनी एक दूर की रिश्तेदार 30 वर्षीय युवती के साथ प्रेम संबंध थे।
सूत्रों के मुताबिक पंडियन और उसकी गर्लफ्रेंड दो वर्ष से भी ज्यादा वक्त से रिलेशनशिप में थे। जब कुमारेसा पंडियन ने अपनी प्रेमिका को प्रपोज किया, तो उसने इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने पंडियन के साथ दोस्ताना संबंध भी खत्म कर दिए। इतना ही नहीं युवती ने पंडियन को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ब्लॉक कर दिया और उसे इग्नोर करने लगी।
मंगलवार शाम को कुमारेसा पल्लावरम के पोझीचलूर में रहने वाले अपने दोस्त मुथु के पास पहुंचा। दोनों ने मुथु के घर के नजदीक एक खाली प्लॉट में शराब पी।
पुलिस ने मुथु के बयान के आधार पर बताया कि शराब पीने के दौरान प्यार में नाकाम रहने के चलते काफी दुखी नजर आ रहा था। इस दौरान कथितरूप से उसने एक शराब की बोतल फोड़ी और उससे अपने बाएं हाथ की कलाई काट ली। नशे में धुत मुथु ने कलाई से बहते खून को रोकने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा।
इससे पहले मुथु आस-पड़ोस के लोगों को मदद के लिए बुला पाता, कुमारेसा ने अपनी कलाई को गहरा काटना शुरू कर दिया और बताया जाता है कि शराब की खाली बोतल अपने खून से भर दी। बेहोश होने से पहले उसने यह बोतल मुथु को सौंपते हुए कहा कि वह इसे उसकी गर्लफ्रेंड को ब्रेेकअप गिफ्ट के रूप में सौंप दे।
इसके बाद कुमारेसा को नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने इलाज कराने से इनकार कर दिया। बुधवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।