
नई दिल्ली। अपनी ही महिला भक्त के साथ दुष्कर्म के आरोप में फंसे ज्योतिषाचार्य दाती महाराज पर एक के बाद एक मुसीबतें आ रही हैं। पहले शिष्या से रेप का आरोप, फिर कारोबारी को जान से मारने की धमकी का आरोप लगने के बाद अब उनके उपर लगे रेप के आरोपों की पड़ताल CBI से करवाए जाने की मांग उठ रही है। यह प्रस्ताव एक NGO की तरफ से जारी किया गया है।
NGO ने दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की याचिका
मीडिया रिपोर्टों की माने तो दिल्ली की एक NGO ने दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले से जुड़ी एक जनहित याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने पूरे मामले की छानबीन सीबीआई से कराने की मांग रखी। दिल्ली सिटिजन फोरम नाम के इस एनजीओ अपनी याचिका में यह तर्क दिया है कि दाती महाराज के बड़े और रसूखदार लोगों से जान-पहचान है। उनके फतेहपुर बेरी के शनिधाम मंदिर में कई राजनेता और बड़े पोस्ट पर कार्यरत सरकारी अधिकारियों का आना-जाना है। तो ऐसे में ये संभंव है कि ये ऊंची पहुंच वाले लोग केस के जांच-पड़ताल को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं, इसलिए मामले की सीबीआई जांच अपेक्षित है।
अबतक चल रही जांच से संतुष्टी नहीं
आपको बता दें कि इस मामले में पुलिस की अबतक की भूमिका पर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं। दरअसल जानकारी के मुताबिक पुलिस ने महिला के तरफ से रेप की शिकायत पर FIR करने में चार दिन लगा दिया था। इसके अलावा
याचिकाकर्ता का कहना है कि मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच ने अभी तक कोई ठोस सबूत जुटाने में कामयाबी नहीं हासिल कर पाई है। इन सभी तथ्यों के चलते याचिकाकर्ता को संदेह है कि पुलिस की ओर दाती महाराज को बचाए जाने का प्रयास किया जा रहा है। आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने कई बार दाती महाराज से घंटों लंबी पूछताछ की है।
दो साल पहले का मामला
बता दें कि पिछले महीने 11 जून को पीड़ित महिला ने दाती महाराज के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पीड़िता ने शिकायत की थी कि करीब दो साल पहले दाती महाराज ने दिल्ली के आश्रम में बने मंदिर के अंदर और पाली स्थित आश्रम में उसके साथ रेप किया था। इस शिकायत में पीड़िता ने दाती महाराज के साथ उनके तीन शिष्यों के खिलाफ भी केस दर्ज करवाया है। आरोप लगने के बाद साकेत कोर्ट ने दाती महाराज के खिलाफ सर्च वारंट जारी कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने दाती महाराज के दिल्ली और राजस्थान के पाली स्थित आश्रमों में छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक पाली स्थित आश्रम से पुलिस ने कुछ संदिग्ध चीजें भी बरामद की हैं।