
नई दिल्ली : स्वयंभू बाबा दाती महाराज उर्फ दाती मदनलाल के बारे में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। दुष्कर्म पीड़िता ने अब उस पर एक नया आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, दाती महाराज राजस्थान के पाली में अनाथ लड़कियों के लिए एक आश्रम संचालित करता है। इस आश्रम की डायरेक्टर लड़कियों को तैयार कर बाबा के पास भेजती है।
चरण सेवा के नाम पर भेजती थी अनाथ लड़कियों को
पीड़िता ने बताया कि आश्रम की डायरेक्टर उन अनाथ लड़कियों को यह कह कर बाबा के पास भेजती थी कि बाबा चरण सेवा के लिए उन्हें बुला रहे हैं। चरण सेवा सबको करनी होती है। डायरेक्टर लड़कियों से बोलती थी बाबा समुद्र हैं और हम सब उसकी मछलियां हैं। बाबा का कर्ज चुका दो।
कई और थे कुकर्म में शामिल
इतना ही नहीं आश्रम डायरेक्टर उन अनाथ लड़कियों पर यह कह कर दबाव बनाती थी कि कल मेरी बारी थी, आज तुम्हारी है और न जाने कल किसकी बारी होगी। आपको बता दें दाती महाराज के साथ ही उनके कुछ और सहयोगी भी लड़कियों का बलात्कार करते थे। इन सहयोगियों में उसके तीन सगे भाई भी थे।
इस नए आरोप के सिलसिले में भी बुलाएगी पुलिस
बता दें कि दाती महाराज से मंगलवार को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी। बुधवार को उनके आरोपी तीन भाइयों से भी पूछताछ की थी। अब जिस चरण की सेवा की बात की जा रही है पुलिस उसे लेकर भी सवाल पूछने की तैयारी में है। इन तीनों भाइयों से क्राइम ब्रांच ने करीब 150 सवाल पूछे। बता दें कि केस दर्ज होने के बाद से इतने दिनों से दाती महाराज के साथ उसके तीनों भाई अशोक, अनिल व अर्जुन फरार चल रहे थे। पुलिस ने इन तीनों से भी लंबी पूछताछ की। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।