क्राइम

दिल्लीः चेकबुक बैंक लॉकर में थी बंद लेकिन फिर भी तीन दिन में चेक से निकाल लिए गए 15 लाख

दिल्ली में एक वकील की मां के बैंक अकाउंट से तीन दिनों में अलग-अलग चेक के जरिये 15 लाख रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि चेकबुक बैंक के लॉकर में थी।
2 min read
• •
Updated: 14 Jul 2018, 4:01 PM IST
Cheque Book
cheque

नई दिल्ली। हाई कोर्ट का एक वकील गर्मियों में तीन दिनों की छुट्टी बिताने के बाद जब वापस लौटा तो यह देखकर सन्न रह गया कि उसकी मां के बैंक अकाउंट से 15 लाख रुपये पार कर दिए गए थे। जब वो इसकी पूछताछ करने बैंक पहुंचा तो पता चला कि इस रकम को निकालने के लिए जिन चेकों का इस्तेमाल किया गया था, वो चेकबुक तो खुद उसने बैंक के लॉकर में बंद करके रखी हुई थी।

एफआईआर दर्ज कराने के बाद पुलिस ने उसके यहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की, जिसमें उन्हें एक की भूमिका संदेहास्पद नजर आई। इसके बाद पुलिस ने राजू मौर्य नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। राजू वकील के साथ ही काम करता था। राजू ने लॉकर की डुप्लीकेट चाबी से चेक बुक चुराई और फिर वकील की मां के हस्ताक्षर को कॉपी करने के बाद रकम निकाली।

अपनी शिकायत में वकील ने पुलिस को बताया कि वो अपने परिवार के साथ छुट्टियां बिताने गया हुआ था, जहां उसे एसएमएस के जरिये बैंक अकाउंट से रकम निकलने की सूचना मिली। जब वो वापस लौटकर आए तो उन्होंने पुलिस और बैंक से इसकी शिकायत की।

इसके बाद बैंक की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई जिसमें राजू मौर्य को काउंटर पर खड़ा होकर रकम निकालते देखा गया। उसने यह रकम कई बार निकाली थी, ताकि उस पर संदेह न जाए। पुलिस ने राजू से पूछताछ की जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने रकम निकालने के लिए अलग-अलग पहचान पत्रों और चेक का इस्तेमाल किया। पुलिस को संदेह है कि इसमें राजू की कुछ अन्य लोगों ने भी मदद की है। बैंक के वे अधिकारी भी जांच के घेरे में हैं जिन्होंने खाताधारक के हस्ताक्षर का मिलान करने के बाद रकम सौंप दी। पुलिस रकम बरामद करने में भी जुटी हुई है।

Published on: